पीलीभीत मे पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर गौकश गिरफ्तार, अवैध असलहे व उपकरण बरामद…एक महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार,दोनों बदमाशों के पैरों में लगी गोली।

Share Also

(रिंटू वर्मा)

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद के थाना पूरनपुर क्षेत्र में 6 फरवरी को हुई गौकशी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर गौकशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। 11/12 फरवरी 2026 की रात गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भगवन्तापुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से आ रहे दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे।

कच्चे रास्ते पर बाइक फिसलने के बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अकरम पुत्र सूखा निवासी शेरपुर कला के दाहिने पैर तथा कामिल उर्फ मुरादी पुत्र गंठा निवासी लाइनपार साहूकारा के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों को सीएचसी पूरनपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई गई है।

अवैध शस्त्र व गौकशी उपकरण बरामद

घायल अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस तथा गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं। इस संबंध में थाना पूरनपुर में मु0अ0सं0 56/2026 धारा 109 बीएनएस व 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

महिला सहित चार लोगों की संलिप्तता

पुलिस जांच में सामने आया कि अकरम और कामिल ने अपने साथी नईम उर्फ मुन्ना निवासी रसिया खानपुर, बीसलपुर) तथा रेशमा पत्नी इस्लामुद्दीन निवासी अहमदनगर, पूरनपुर के साथ मिलकर 6 फरवरी की रात ग्राम सुवाबोड़ा के जंगल के पास खेत में गौवंशीय पशु का वध किया था। मांस बिक्री के बाद अवशेष मौके पर छोड़ दिए गए थे। इस मामले में मु0अ0सं0 51/2026 धारा 3/5/8 सीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत है। महिला आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

शातिर अपराधी हैं दोनों आरोपी

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पेशेवर किस्म के अपराधी हैं और इन पर पूर्व में गौकशी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, पशु क्रूरता अधिनियम समेत कई संगीन धाराओं में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।

अकरम पर वर्ष 2014 से 2026 तक कुल 21 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और सीएस एक्ट प्रमुख हैं।
वहीं कामिल उर्फ मुरादी पर भी आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास (307), लूट की तैयारी (398/401 भादवि) व गौकशी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस कर रही आवश्यक विधिक कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी पूरनपुर के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में गौकशी जैसी घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा और आरोपियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई जारी है।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *