रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के तीसरे दिन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने पांच परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सबसे पहले जहानाबाद इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया, जहां परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही थीं। इसके बाद नेशनल पब्लिक इंटर कॉलेज जहानाबाद, गुरु नानक इंटर कॉलेज मुरलिया भैंसहा, राजकीय इंटर कॉलेज अमरिया और एसजीटी इंटर कॉलेज बड़ेपुरा का भी निरीक्षण किया। सभी केंद्रों पर परीक्षा नकलविहीन एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित होती मिली। निरीक्षण के दौरान बीएसए ने केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
प्राथमिक विद्यालय बड़ेपुरा में गंदगी पर जताई नाराजगी
परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के बाद बीएसए बड़ेपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचीं। विद्यालय परिसर में पतझड़ के कारण फैली गंदगी देखकर उन्होंने शिक्षकों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यालय शिक्षा का मंदिर है और इसकी साफ-सफाई नियमित रूप से होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने विद्यालय का वातावरण स्वच्छ एवं आकर्षक बनाने के निर्देश दिए, जिससे बच्चों का झुकाव पढ़ाई की ओर बढ़ सके।
बच्चों से संवाद कर जानी मिड-डे मील और पढ़ाई की स्थिति
इसके बाद बीएसए कंपोजिट विद्यालय पहुंचीं, जहां कक्षाएं संचालित हो रही थीं। कक्षा छह में पहुंचने पर बच्चे पहले थोड़े झिझक गए, लेकिन बीएसए ने स्नेहपूर्वक बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने बच्चों से मिड-डे मील के बारे में पूछा, जिस पर बच्चों ने बताया कि तहरी बनाई गई है और सभी ने इसे स्वादिष्ट बताया। बीएसए ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
छात्रा गौरी की प्रतिभा से प्रभावित होकर किया सम्मानित
कंपोजिट स्कूल माधोपुर फरदिया में निरीक्षण के दौरान इंटरवल चल रहा था। बच्चों ने उत्साहपूर्वक बीएसए का अभिवादन किया और उन्हें तुरंत पहचान लिया। शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी लेने के दौरान कक्षा आठ की छात्रा गौरी ने देशभक्ति गीत “ओ देश मेरे” पर नृत्य प्रस्तुत किया। छात्रा की प्रतिभा से प्रभावित होकर बीएसए ने उसे पुरस्कार स्वरूप पेन देकर सम्मानित किया और अन्य बच्चों को भी अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया।
व्यवस्थाएं बेहतर मिलने पर शिक्षक स्टाफ की सराहना
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर बीएसए रोशनी सिंह ने शिक्षक-स्टाफ की सराहना की। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और विद्यालय का वातावरण बेहतर बनाए रखने का आह्वान किया।

