वन्यजीव संरक्षण का मिला इनाम… स्कूली बच्चों ने किया टाइगर रिजर्व का मुफ्त भ्रमण, जंगल सफारी में बच्चों का उत्साह चरम पर, बाघ समेत कई वन्यजीवों के हुए दीदार

Share Also

रिंटू वर्मा…

 

 

 

 

पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व में स्कूली बच्चों को निशुल्क जंगल सफारी का अनूठा अवसर मिला। इस शैक्षिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने बाघ समेत कई दुर्लभ वन्यजीवों के दीदार किए। इस कार्यक्रम में जिले के 10 विद्यालयों के करीब 300 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया जिन्हे 47 सफारी गाड़ियों से जंगल भ्रमण के लिए भेजा गया।

वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विद्यार्थियों को मिला पुरस्कार

वन संरक्षण संबंधी कार्यक्रमों में  भागीदारी निभाने वाले स्कूली बच्चों को मुफ्त जंगल सफारी का मौका मिला था उन्हें पुरस्कार स्वरूप निशुल्क जंगल सफारी कराई गई। पीटीआर मुख्यालय पर डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए वन्यजीव संरक्षण संबंधी पोस्टरों की सराहना की गई।

अधिकारियों ने दिखाई हरी झंडी, बढ़ाया उत्साह

प्रभागीय निदेशक भरत कुमार डीके ने सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में वन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ती है और वे भविष्य में वन्यजीवों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

सफारी में बाघ समेत कई वन्यजीवों के हुए दीदार

जंगल सफारी के दौरान डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी नरेश कुमार ने विद्यार्थियों को विभिन्न वनस्पतियों और वन्यजीवों की जानकारी दी। इस दौरान बच्चों ने बाघ, चीतल, सांभर, काकड़ और जंगली सूअर को करीब से देखा। विद्यार्थियों ने वन अधिकारियों से दीमक की बांबी, घास के मैदानों के प्रबंधन और जंगल की पारिस्थितिकी से जुड़े कई सवाल भी पूछे।

चूका बीच बना आकर्षण का केंद्र

सफारी के दौरान सभी विद्यार्थी ईको टूरिज्म स्थल चूका बीच भी पहुंचे, जहां उन्होंने प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया। सफारी वाहनों की व्यवस्था महोफ रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी सहेंद्र कुमार यादव द्वारा की गई।इस शैक्षणिक भ्रमण में अवध पब्लिक स्कूल, सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, लायंस बाल विद्या मंदिर, कंपोजिट विद्यालय नखासा, कंपोजिट विद्यालय अशरफ खां, अंगूरी देवी बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, रामलुभाई साहनी कॉलेज, ललित हरि आयुर्वेदिक कॉलेज, रानी अवंतीबाई जूनियर हाई स्कूल और आर्य कन्या इंटर कॉलेज के विद्यार्थी व शिक्षक शामिल रहे।

कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएफएस हिमांशु वावल, उप प्रभागीय अधिकारी रुद्रप्रताप सिंह, समाधान विकास समिति के समन्वयक लक्ष्मीकांत शर्मा सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *