पीलीभीत मे साइकिल पाकर मुस्कुराईं बेटियां… बमरौली स्कूल बना मिसाल, मेहनत का मिला इनाम: छात्राओं को साइकिल से किया सम्मानित

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत।पी०एम० श्री कंपोजिट विद्यालय बमरौली में पुरस्कार वितरण समारोह एवं ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत जागरूकता रैली का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, अनुशासन और स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कक्षा आठ उत्तीर्ण सात छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

साइकिल पाकर छात्राओं में खुशी की लहर

समाजसेवी जितेंद्र सिंह भदौरिया द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार स्वरूप एक-एक साइकिल एवं 200 रुपये नगद प्रदान किए गए। यह सम्मान उन्हें अधिकतम उपस्थिति, परीक्षा में उच्च अंक, समय पालन, अनुशासन, स्वच्छता और पौधारोपण जैसे मानकों पर श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए दिया गया।
बिलसंडा क्षेत्र में पहली बार साइकिल के रूप में पुरस्कार मिलने से छात्राओं और उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली।अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश प्रताप सिंह ने छात्र-छात्राओं को निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यालय में स्वच्छता और अनुशासन की सराहना करते हुए इसे आदर्श बताया।
खंड शिक्षा अधिकारी बिलसंडा शिव शंकर मौर्य ने विद्यालय की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए बताया कि पीएमश्री योजना के अंतर्गत विद्यालय को स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर लैब जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।

शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश

ए०आर०पी० सोमपाल ने बच्चों को लगन से पढ़ाई करने और मोबाइल के अनावश्यक उपयोग से दूर रहने की सलाह दी। वहीं वरिष्ठ शिक्षक व पूर्व छात्र मनोज कुमार शर्मा ने भी बच्चों को निरंतर प्रगति के लिए प्रेरित किया। 

रैली से गूंजा ‘स्कूल चलो अभियान’

कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य अतिथि राकेश प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली का शुभारंभ किया। रैली में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और शिक्षा के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।


📖 नामांकन बढ़ाने पर विशेष जोर
खंड शिक्षा अधिकारी शिव शंकर मौर्य ने बताया कि सभी विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों का वितरण सुनिश्चित कर दिया गया है और अप्रैल के प्रथम सप्ताह में अधिक से अधिक नामांकन कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।


🙏 आभार एवं उपस्थिति
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विवेक श्रीवास्तव, सती शंकर मिश्रा, संजय जायसवाल, मनोज कुमार शर्मा, अरविंद कुमार, सोमपाल राठौर सहित शिक्षकगण, प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी, अभिभावक और ग्रामवासी उपस्थित रहे।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *