एड. अंशुल गौरव सिंह…
पीलीभीत। तहसील अमरिया क्षेत्र के ग्राम भरा पचपेड़ा स्थित बरेली गौशाला सोसायटी की भूमि को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। गौशाला प्रबंधन ने उपजिलाधिकारी अमरिया को प्रार्थना पत्र देकर भूमि को कब्जा मुक्त कराने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि गौशाला की लगभग 109.522 हेक्टेयर भूमि पर कुछ लोगों द्वारा खेती सहित अन्य गतिविधियां किए जाने की जानकारी मिली है। प्रबंधन का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी शिकायतें की जा चुकी हैं।
गौशाला प्रबंधन के अनुसार, भूमि के उपयोग में आ रही बाधाओं के कारण गोवंश के लिए चारे व अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही गौशाला के संचालन और कर्मचारियों के वेतन भुगतान में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रबंधन ने यह भी आशंका जताई है कि भूमि से जुड़े अभिलेखों में गड़बड़ी हो सकती है। इस संबंध में प्रशासन से राजस्व अभिलेखों की जांच कराने और आवश्यकता पड़ने पर जीपीएस मैपिंग के माध्यम से भूमि की सीमाओं का सत्यापन कराने का अनुरोध किया गया है।
गौशाला प्रबंधन ने प्रशासन से पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।

