पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व की बराही रेंज क्षेत्र में शिकारियों और वनकर्मियों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने मौके से एक जंगली सूअर का शव तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है, जबकि आरोपी शिकारी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
क्षेत्रीय वनाधिकारी बराही श्री अरुण मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि 15 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे फैजुल्लागंज सेक्शन की सिमरा द्वितीय बीट के कक्ष संख्या 11 में मुखबिर खास से शिकारियों की सूचना मिली थी। सूचना पर सेक्शन प्रभारी फैजुल्लागंज कपिल कुमार, वन दरोगा, वनरक्षक अनिल कुमार एवं बीट वॉचरों की टीम ने मौके पर छापा मारा।
वन विभाग की टीम ने देखा कि कुछ शिकारी एक जंगली सूअर का शिकार कर चुके थे। जब कर्मचारियों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने अवैध असलहों से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वनकर्मियों ने भी फायरिंग की।
फायरिंग के दौरान शिकारी जंगली सूअर का शव तथा बिना नंबर प्लेट की टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल (चेसिस नंबर मो625क23र3ए05985) छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। वनकर्मियों ने काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन सभी आरोपी फरार होने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय वनाधिकारी मौके पर पहुंचे और बरामद शव व मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया। जंगली सूअर के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
वन विभाग ने शिकारियों के खिलाफ रेंज केस संख्या 3/2026-27 दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

