रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। आदेश में कहा गया है कि जिले में संचालित मान्यता प्राप्त विद्यालयों में पाठ्यक्रम और यूनिफॉर्म का वितरण बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा नहीं किया जाता है, बल्कि विद्यालय अपनी मान्यता के अनुसार स्वयं पाठ्यक्रम और वर्दी निर्धारित करते हैं।
नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत के बीच दैनिक समाचार पत्रों और उच्चाधिकारियों के माध्यम से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ विद्यालय अभिभावकों पर किसी विशेष दुकान या प्रतिष्ठान से किताबें और यूनिफॉर्म खरीदने का दबाव बना रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विकासखंड के सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों से प्रमाण पत्र प्राप्त करें। इसमें विद्यालय यह लिखित रूप से देंगे कि किसी भी अभिभावक पर किताबें या यूनिफॉर्म किसी विशेष प्रतिष्ठान से खरीदने का दबाव नहीं बनाया गया है।
इसके साथ ही आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों द्वारा मनमाने ढंग से फीस वृद्धि नहीं की जाएगी। यदि किसी विद्यालय के खिलाफ इस संबंध में शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित विद्यालय प्रबंधन के साथ-साथ संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी भी जिम्मेदार माने जाएंगे।

