पीलीभीत जनपद के गजरौला थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार गजरौला थाना क्षेत्र पिपरिया भजा मुजरा घुईना निवासी हरिशंकर (22 वर्ष) पुत्र ओमप्रकाश ने फांसी के फंदे पर झूलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले डीजे को लेकर गांव के कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई थी, जिसमें एक युवक घायल हो गया था। घायल पक्ष ने हरिशंकर के खिलाफ चौकी पर तहरीर दी थी।
मृतक के पिता ओमप्रकाश का आरोप है कि शिकायत के बाद पुलिस लगातार उनके पुत्र पर दबाव बना रही थी और उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी तनाव के चलते हरिशंकर ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

