रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के महिला अस्पताल में शुक्रवार सुबह दो एएनएम के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि एक एएनएम ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास कर दिया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों की सतर्कता से बड़ी अनहोनी टल गई।
जानकारी के अनुसार महिला अस्पताल के कमरा नंबर-19 में तैनात एएनएम मीना और सुनीता के बीच पिछले कई दिनों से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि एएनएम सुनीता का बेटा सिंगापुर में नौकरी करता है। आरोप है कि एएनएम मीना ने अपने बेटे की नौकरी लगवाने के नाम पर सुनीता के बेटे को करीब 9 लाख 12 हजार रुपये दिए थे। हालांकि बाद में नौकरी न लगने पर मीना ने अपने रुपये वापस मांगने शुरू कर दिए थे।
सूत्रों के मुताबिक मीना ने 25 जून तक रुपये लौटाने की बात कही थी। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे दोनों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद हो गया। विवाद के दौरान मीना ने अपने ऊपर बोतल से पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उसके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली और स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंच गई। कुछ देर बाद सीओ सिटी/सदर अजय कुमार भी मौके पर पहुंचे और मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. राजेश कुमार के कार्यालय में बैठकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। इधर पूरे घटनाक्रम को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन जांच कर कार्रवाई में जुटा हुआ है।

