पीलीभीत। टनकपुर हाईवे स्थित गौहनिया तालाब के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर सीधे तालाब में जा गिरी। हादसे के दौरान कार पूरी तरह पानी में डूब गई। कार के अंदर सवार व्यक्ति की जान खतरे में पड़ गई, लेकिन मौके पर मौजूद राहगीर और तालाब में मछली पकड़ रहे नाविक ने बहादुरी दिखाते हुए तालाब में कूदकर उसकी जान बचाई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अचानक सड़क से हटकर तालाब की ओर बढ़ी और कुछ ही क्षणों में पानी में समा गई। इस बीच, घटना को देख रहे राहगीर दिनेश कुशवाहा, जो कि न्यूरिया क्षेत्र के निवासी हैं, ने बिना देर किए तालाब में छलांग लगा दी। वहीं तालाब में मौजूद नाविक भी नाव लेकर तुरंत वहाँ पहुँच गया। दोनों ने मिलकर कार में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला।
हादसे की सूचना मिलते ही नगर मजिस्ट्रेट सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुँच गया। भीड़ काफी देर तक घटनास्थल पर जमा रही। पुलिस ने कार स्वामी को अस्पताल भिजवाकर स्थिति की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मदद न मिलती तो एक बड़ी जनहानि हो सकती थी। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

