विश्व दिव्यांग दिवस पर पीलीभीत डीएम व जिलाध्यक्ष ने दिव्यांगजन को बांटे सहायक उपकरण

Share Also

 

पीलीभीत। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के पीलीभीत आदर्श जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, में दिव्यांगजन सम्मान और सहायता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह रहे। दोनों अतिथियों ने मंच से दिव्यांगजनो के कल्याण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए।


दिव्यांगजन को मिले ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर व श्रवण यंत्र

कार्यक्रम में कुल 37 ट्राइसाइकिल, 13 श्रवण यंत्र, 7 व्हीलचेयर तथा 12 जोड़ी बैसाखियां वितरित की गईं। जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों की समस्याओं के निवारण तथा आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है। उन्होंने लाभार्थियों को योजनाओं का पूरा लाभ लेने हेतु प्रेरित किया।


डीएम बोले— सभी विभाग सुनिश्चित करें योजनाओं का लाभ

जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि शासन स्तर से संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ पात्र दिव्यांगजनों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि श्रवण बाधित तथा अन्य श्रेणी के दिव्यांगजन मेडिकल परीक्षण के बाद जल्द से जल्द यूडीआईडी कार्ड (विशिष्ट दिव्यांगता प्रमाण पत्र) बनवाएं, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

डीएम ने यह भी बताया कि मेडिकल कॉलेज में श्रवण बाधित दिव्यांगों के लिए जांच की सुविधा उपलब्ध है। प्रमाणपत्र बनवाकर कोई भी पात्र लाभार्थी विभागीय योजनाओं से जुड़ सकता है।


4 से 19 दिसंबर तक लगाए जाएंगे चिन्हांकन शिविर

जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी सुरेश कुमार मौर्य ने बताया कि जिन दिव्यांगजनों को उपकरण प्राप्त नहीं हो पाए हैं, उनके लिए 4 दिसंबर से 19 दिसंबर 2025 तक जनपद के सभी विकासखंडों व नगरपालिकाओं में चिन्हांकन शिविर लगाए जाएंगे। दिव्यांगजन इन शिविरों में उपस्थित होकर आवश्यक पंजीकरण करवा सकते हैं।


ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध

जिन दिव्यांगजन शिविरों में सम्मिलित नहीं हो सकते, वे जनसेवा केंद्र के माध्यम से या स्वयं विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं:

👉 divyangjanup.upsdc.gov.in


अधिकारी व कर्मचारियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी चन्द्र मोहन विश्नोई, एमआई/समन्वयक डीडीआरसी सुखवीर सिंह भदौरिया, कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी के कर्मचारी तथा डीडीआरसी के कार्मिक मौजूद रहे।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *