(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व में राष्ट्रीय बाघ गणना को लेकर तैयारियां अपने अंतिम दौर में पहुंच चुकी हैं। बाघों की संख्या का आकलन करने के लिए रिजर्व क्षेत्र में कुल 616 कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं। हरिपुर, बराही और दियूरिया रेंज में कैमरे लगाए जा चुके हैं, जबकि शनिवार को महोफ रेंज में कैमरे लगाए जा रहे हैं। माला रेंज में भी कैमरा ट्रैप लगाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जल्द ही रिजर्व की सभी पांचों रेंजों में कैमरे लगाने की प्रक्रिया पूरी कर बाघ गणना का कार्य शुरू किया जाएगा।
पिछली बाघ गणना में 71 से ऊपर बाघ
पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पिछली राष्ट्रीय बाघ गणना के अनुसार पीलीभीत टाइगर रिजर्व में 71 से ऊपर बाघ मिले थे। वर्ष 2025 -26 की राष्ट्रीय बाघ गणना की तैयारी शुरू हो चुकी है अब पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघों की कितनी संख्या होगी इसका जल्द पता चलने वाला है।
कैमरा ट्रैप तकनीक से होगी बाघों की पहचान
राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के निर्देशानुसार पीलीभीत टाइगर रिजर्व में बाघ गणना चार चरणों में की जाएगी। इसके लिए रिजर्व की पांचों वन रेंजों को 568 ग्रिड में विभाजित किया गया है। प्रत्येक ग्रिड का आकार दो वर्ग किलोमीटर रखा गया है और हर ग्रिड में आमने-सामने दो कैमरा ट्रैप लगाए जाएंगे। कैमरा ट्रैप में कैद तस्वीरों के माध्यम से बाघों की पहचान उनके विशेष स्ट्राइप पैटर्न के आधार पर की जाएगी।
दुधवा से मंगाए गए 450 कैमरा ट्रैप
बाघ गणना को सफल बनाने के लिए दुधवा टाइगर रिजर्व से 450 कैमरा ट्रैप मंगाए गए हैं। टाइगर रिजर्व मुख्यालय पर इन कैमरों की जांच की जा रही है, जिसमें बैटरी और एसडी कार्ड लगाए जा रहे हैं। प्रशिक्षण प्राप्त टीमों की देखरेख में पूरे वन क्षेत्र में 48 ट्रांजिट लाइनें भी बनाई जा चुकी हैं।
मई के पहले सप्ताह में डेटा संकलन
टाइगर रिजर्व प्रशासन के अनुसार 1 मई से 7 मई तक कैमरों से प्राप्त डेटा का संकलन किया जाएगा। इसके बाद कैमरा ट्रैप में कैद बाघों की तस्वीरें भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई), देहरादून को भेजी जाएंगी। डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि शेष बची दो रेंजों में भी जल्द कैमरे भेज दिए जाएंगे और सभी रेंजों में कैमरा लगाने का कार्य पूरा होते ही बाघ गणना विधिवत शुरू कर दी जाएगी।
बाघ के मामले में पीलीभीत टाइगर रिजर्व ने जीता था अंतरराष्ट्रीय अवार्ड
पीलीभीत टाइगर रिजर्व वर्ष 2021 में बाघों की आबादी दुगनी करने के मामले में 13 देश को पछाड़कर अंतर्राष्ट्रीय अवार्ड जीत चुका है। पिछली बाघ गणना के अनुसार पीलीभीत टाइगर रिजर्व में 71 बाघ है इस बार की बाघ गणना में पीलीभीत टाइगर रिजर्व में कितने बाघ होंगे इसका जल्द पता चल जाएगा?

