(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत।उत्तर प्रदेश के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं सम्बद्ध चिकित्सालय पीलीभीत में नवीन 30 शैय्या युक्त अत्याधुनिक आपातकालीन इकाई का लोकार्पण महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने किया । इस अवसर पर प्राचार्या डॉ अनेजा ने कहा कि नई आपातकालीन इकाई के शुरू होने से गंभीर एवं आकस्मिक रोगियों को समय पर समुचित और उच्च गुणवत्ता का उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित न्यू इमरजेंसी
नई आपातकालीन इकाई में कुल 30 बेड की व्यवस्था की गई है, जिनमें से 8 बेड पर मल्टीपैरामीटर मॉनिटर लगाए गए हैं। आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए 15 शैय्या युक्त इमरजेंसी आईसीयू भी संचालित किया जा रहा है, जिससे गंभीर मरीजों की निरंतर निगरानी संभव होगी।
ट्रायेज सिस्टम से होगा शीघ्र उपचार
आपातकालीन इकाई को आधुनिक चिकित्सा मानकों के अनुरूप ट्रायेज एरिया में विभाजित किया गया है। इसमें रेड ज़ोन, येलो ज़ोन, ग्रीन ज़ोन के साथ-साथ माइनर ओटी की भी व्यवस्था की गई है, जिससे रोगियों की स्थिति के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
पहले ही दिन मरीजों को मिला लाभ
न्यू इमरजेंसी के प्रारम्भ के बाद प्रातः 11:30 बजे तक दुर्घटनाग्रस्त एवं अन्य गंभीर अवस्थाओं से पीड़ित 10 रोगियों को भर्ती कर उपचार प्रदान किया गया, जिससे नई व्यवस्था की उपयोगिता स्पष्ट रूप से सामने आई।
उद्घाटन अवसर पर रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमाकांत सागर, उप-प्राचार्य डॉ. अरुण सिंह, शल्य विभागाध्यक्ष डॉ. जगदम्बा शरण, दन्त इकाई विभागाध्यक्ष डॉ. के. एल. गुप्ता, डॉ. विशिका सिंह, डॉ. पायस राज वर्मा, डॉ. राज कुमार गुप्ता सहित अन्य चिकित्सक एवं अमित मिश्रा, अनिल मिश्रा, सुरेन्द्र कुमार तथा अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
जनता को मिलेगा बड़ा लाभ
नवीन आपातकालीन इकाई के शुभारंभ से क्षेत्र की जनता को त्वरित, सुरक्षित एवं उच्चस्तरीय आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा।
डॉ पायस राज वर्मा और डॉ विशिका सिंह का रहा विशेष सहयोग
मेडिकल कॉलेज में नवीन आपातकालीन इकाई के शुभारम्भ को लेकर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल प्रशासन प्रबंधन के डॉ पायस राज वर्मा और डॉ विशिका सिंह का विशेष योगदान रहा इन दोनों डॉ ने विगत तीन दिनों से इस नवीन इकाई को शुरू करवाने के लिए प्रबंधन के कार्य को अंजाम दिया था।

