समीक्षा बैठक से गैरहाजिरी पर दो एडीओ पंचायत को कारण बताओ नोटिस

Share Also

 

(रिंटू वर्मा)

पीलीभीत।जनपद में पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं की धीमी प्रगति और समीक्षा बैठक में अनुपस्थिति को लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी रोहित भारती ने विकास खण्ड अमरिया और पूरनपुर में तैनात सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अजय देवल एवं अतुल पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

वित्तीय वर्ष की प्रगति की समीक्षा हेतु दिनांक 20 दिसंबर  को जिला स्तर पर बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें आशा चयन, ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण, अन्त्येष्टि स्थल, पंचायत भवन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा प्रस्तावित थी। बावजूद इसके दोनों सहायक विकास अधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं हुए, जिससे उनके-अपने विकास खण्डों की समीक्षा नहीं हो सकी।

जारी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि आशा चयन के अंतर्गत अमरिया से 20 तथा पूरनपुर से 49 पत्रावलियाँ भेजी गई थीं, जिन्हें परीक्षण उपरांत वापस किया गया, लेकिन सुधार के बाद पुनः प्रस्तुत नहीं किया गया। इसी प्रकार एसएलडब्लूएम भुगतान के मामलों में अमरिया की 51 ग्राम पंचायतों में से केवल 4 और पूरनपुर की 62 ग्राम पंचायतों में से मात्र 7 पंचायतों की पत्रावलियाँ ही भुगतान हेतु प्राप्त हुईं।

इसके अलावा पूरनपुर की ग्राम पंचायत गोरा, ढका ज. पूरनपुर एवं मढ़ाखुर्द कला में आरआरसी निर्माण भूमि विवाद के चलते लंबित पाया गया। वहीं रैट्रोफिटिंग कार्य की प्रगति अमरिया में 63.94 प्रतिशत और पूरनपुर में 55.70 प्रतिशत ही दर्ज की गई।

विद्यालयों में फर्नीचर व्यवस्था के तहत अमरिया में 55 में से केवल 20 तथा पूरनपुर में 69 में से 47 विद्यालयों में ही फर्नीचर उपलब्ध कराया जा सका है। इसी तरह जन सेवा केंद्र संचालन में अमरिया की औसत प्रगति 60.49 प्रतिशत जबकि पूरनपुर की मात्र 39.17 प्रतिशत पाई गई।

समीक्षा में ओएसआर पोर्टल पर पंजीकरण अमरिया में 39.68 प्रतिशत और पूरनपुर में केवल 7.58 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं सभासार पोर्टल पर बैठक अपलोडिंग की प्रगति अमरिया में 84.76 प्रतिशत तथा पूरनपुर में 73.54 प्रतिशत रही।

जिला पंचायत राज अधिकारी रोहित भारती ने दोनों अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तीन दिन के भीतर सभी बिंदुओं पर अद्यतन प्रगति के साथ साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। समयसीमा में संतोषजनक उत्तर न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *