(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। आरोप मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार, आरटीआई के तहत मांगी गई सूचनाओं का जवाब न दिए जाने और शिकायतों पर कार्रवाई न होने को लेकर बजरंग दल जिलाध्यक्ष मनीष कश्यप ने पीलीभीत में ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में संगठन ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि सीएचसी बिलसंडा में लंबे समय से भ्रष्टाचार व्याप्त है, जिसकी कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद सीएमओ स्तर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
बजरंग दल ने आरोप लगाया कि सीएचसी बिलसंडा के आयुष फार्मासिस्ट भूपेन्द्र सिंह द्वारा अवैध स्रोतों जैसे निजी नर्सिंग होम, क्लीनिक, झोलाछाप चिकित्सक और एनआरएचएम निधि से धन वसूली की जाती है। यह धन वाहन चालक सुभाष सिंह के माध्यम से सीएमओ कार्यालय तक पहुंचाया जाता है। संगठन का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी डीएम और सीएमओ को कई लिखित शिकायतें सौंपी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वाहन चालक सुभाष सिंह पर आय से अधिक संपत्ति होने के आरोप हैं। उनके पास लगभग दो करोड़ रुपये की अचल संपत्ति का मकान और करीब ढाई करोड़ रुपये की चारपहिया गाड़ियां बताई गई हैं, जिन्हें विभाग में किराये पर लगाया गया है। संगठन ने मांग की है कि भूपेन्द्र सिंह और सुभाष सिंह की आय से अधिक संपत्ति की जांच किसी स्वतंत्र अधिकारी से कराई जाए अथवा कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया जाए।
बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन जिला, मंडल और प्रदेश स्तर पर आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। संगठन ने यह भी बताया कि राज्य सूचना आयोग में अधिवक्ता से विधिक राय लेकर आरटीआई दाखिल की जा चुकी है।

