(रिंटू वर्मा)
पीलीभीत। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय राष्ट्रीय आविष्कार अभियान एवं क्विज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांधा।
विज्ञान प्रदर्शनी में जिले के सभी आठ विकासखंडों से आए छात्र-छात्राओं ने नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए। नगर मजिस्ट्रेट और बीएसए ने स्टॉलों का निरीक्षण कर बच्चों से उनके मॉडलों की जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना की।
क्विज प्रतियोगिता के पहले चरण में लिखित प्रश्नोत्तरी आयोजित हुई, जिसमें 40 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। दूसरे चरण में 25 प्रतिभागियों ने मौखिक क्विज में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में टीम ‘ई’ के प्रतिभागी विजेता बने। क्विज में मरौरी ब्लॉक के जूनियर हाई स्कूल कुंवरपुर के कौशल सिंह, नगर क्षेत्र पीलीभीत के कंपोजिट स्कूल नखासा की सुमन मंडल, पूरनपुर के पीएम श्री स्कूल खासपुर की सृष्टि यादव, बरखेड़ा ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल बरगदा की मिथिलेश और बीसलपुर ब्लॉक के जूनियर हाई स्कूल किशनी के अजीत गंगवार विजेता रहे।
विज्ञान प्रदर्शनी में ललौरीखेड़ा के कंपोजिट स्कूल बरहा के ऋतिक, बिलसंडा ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल नौगवां संतोष की प्रशा, पूरनपुर के कंपोजिट स्कूल खासपुर के विवेक, बरखेड़ा के कंपोजिट स्कूल बरगदा की प्रियाशी श्रीवास्तव तथा बीसलपुर ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल सिसैया जलालपुर के यश पाराशर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सभी विजेता छात्र-छात्राओं को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विज्ञान प्रदर्शनी के विजेताओं को टैबलेट प्रदान किए गए, जबकि अन्य विजेताओं को विज्ञान किट भेंट की गई। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
निर्णायक मंडल में राजकीय इंटर कॉलेज के प्रवक्ता सर्वेश गंगवार, डाइट बीसलपुर के प्रवक्ता स्वदेश गंगवार, वीरेंद्र कुमार और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रवक्ता सुमन शामिल रहीं। कार्यक्रम में बिलसंडा के खंड शिक्षा अधिकारी शिव शंकर मौर्य, नगर क्षेत्र के खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला समग्र समन्वयक राकेश पटेल सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक, एआरपी व प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।

