रिंटू वर्मा…
पीलीभीत । समग्र शिक्षा अभियान के तहत शनिवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र पूरनपुर में दिव्यांग छात्र-छात्राओं के लिए उपकरण मापन एवं चिन्हांकन शिविर आयोजित किया गया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में दिव्यांग विद्यार्थी अपने अभिभावकों के साथ शिविर में पहुंचे। शिविर का उद्देश्य दिव्यांग विद्यार्थियों की शारीरिक अक्षमता को उनकी शिक्षा और प्रगति के मार्ग में बाधा बनने से रोकना तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराना रहा।
कानपुर की एलिम्को कंपनी के दिव्यांग विशेषज्ञ डॉ. तुषार वर्मा के नेतृत्व में तीन विशेषज्ञों की टीम ने विद्यार्थियों की दिव्यांगता का परीक्षण एवं मापन किया। परीक्षण के आधार पर उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए विद्यार्थियों को चिन्हित किया गया।
शिविर में कुल 54 छात्र-छात्राओं को उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिन्हित किया गया। इनमें 41 विद्यार्थियों के लिए टीएलएम किट, 13 के लिए व्हीलचेयर, आठ के लिए हियरिंग एड (श्रवण यंत्र), दो के लिए सुगम्य केन, दो के लिए रोलेटर, चार के लिए कैलीपर, एक के लिए ब्रेल किट और दो विद्यार्थियों के लिए ट्राई साइकिल निशुल्क उपलब्ध कराने के लिए चिन्हांकन किया गया।
शिविर में जिला समन्वयक राकेश कुमार पटेल, खंड शिक्षा अधिकारी विजय वीरेंद्र सिंह, स्पेशल एजुकेटर राजेंद्र कुमार, विजय कुमार गुप्ता, रामगोपाल पांडे, संजीव कुमार मिश्रा, रामदास, राजेश कुशवाहा, सुनील कुमार त्रिपाठी, अनिल कुमार, अजय कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य मौजूद रहे।
जिला समन्वयक राकेश पटेल ने बताया कि चिन्हित विद्यार्थियों के लिए उपकरण एलिम्को कंपनी की ओर से जल्द तैयार किए जाएंगे। इसके बाद आठ दिसंबर को चिह्नित दिव्यांग छात्र-छात्राओं को उपकरण वितरित किए जाएंगे।

