रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत में पूर्व प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा के सम्मान में गुरुवार को गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान महाविद्यालय परिवार ने डॉ. संगीता अनेजा और डॉ. जी. के. अनेजा को पुष्पगुच्छ, स्मृति-चिह्न एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। वहीं महाविद्यालय के नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. अमित कुमार का भी पुष्पगुच्छ देकर आत्मीय स्वागत किया गया।
समारोह में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सत्य पाल सिंह, उप प्राचार्य डॉ. अरुण सिंह, डॉ. प्रेम चंद्र श्रीवास्तव, डॉ. जगदंबा शरण, डॉ. विभूति गोयल, डॉ. अर्चना सिंह समेत सभी विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हुमा खान ने किया।वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. संगीता अनेजा का कार्यकाल संस्थान के इतिहास में विकास, अनुशासन और उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। उनके नेतृत्व में महाविद्यालय ने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के मानकों के अनुरूप शैक्षणिक, चिकित्सीय और प्रशासनिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। चिकित्सा सेवाओं का विस्तार, आधुनिक उपकरणों की स्थापना, अधोसंरचना विकास और रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अनेजा ने चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ अनुसंधान, प्रशिक्षण, सामुदायिक स्वास्थ्य गतिविधियों और गुणवत्ता सुधार को भी नई गति प्रदान की। उन्होंने पारदर्शी प्रशासन, अनुशासन, टीमवर्क और जवाबदेही पर आधारित कार्यसंस्कृति विकसित कर संस्थान को नई पहचान दिलाई।
उनके नेतृत्व में शिक्षकों, चिकित्सकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिला।अपने संबोधन में डॉ. संगीता अनेजा ने कहा कि पीलीभीत में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने महाविद्यालय परिवार के सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान की हर उपलब्धि टीमवर्क, पारस्परिक विश्वास और सामूहिक समर्पण का परिणाम है। उन्होंने महाविद्यालय की निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. अमित कुमार ने कहा कि वह डॉ. संगीता अनेजा द्वारा स्थापित उत्कृष्ट परंपराओं और कार्यसंस्कृति को आगे बढ़ाते हुए महाविद्यालय को शिक्षा, अनुसंधान, रोगी सेवाओं और संस्थागत विकास के नए आयामों तक ले जाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने सभी संकाय सदस्यों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में महाविद्यालय परिवार ने डॉ. संगीता अनेजा एवं डॉ. जी. के. अनेजा के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखद भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। उपस्थित सभी लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनका मार्गदर्शन और प्रेरणा भविष्य में भी महाविद्यालय को निरंतर मिलती रहेगी।

