कस्तूरबा विद्यालयों की छात्राओं ने खेल ट्रायल में दिखाया दम, मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ चयन

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत।जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं के लिए गुरुवार को मंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के चयन ट्रायल आयोजित किए गए। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बीसलपुर के खेल मैदान में आयोजित ट्रायल में जिलेभर के कस्तूरबा विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साह के साथ विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के आधार पर अंडर-14 एवं अंडर-17 आयु वर्ग की छात्राओं का मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन किया गया।

एथलेटिक्स स्पर्धाओं में छात्राओं ने दिखाई शानदार प्रतिभा

अंडर-14 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मरौरी कस्तूरबा विद्यालय की ज्योति और अमरिया की विधि का चयन हुआ। 200 मीटर दौड़ में नगर बीसलपुर की मानसी और मूर्ति, 400 मीटर में नगर बीसलपुर की मानसी एवं बीसलपुर ग्रामीण की सेजल, 600 मीटर में नगर बीसलपुर की अंजू और बीसलपुर ग्रामीण की प्रियंका ने स्थान बनाया। लंबी कूद में नगर बीसलपुर की मानसी और बीसलपुर ग्रामीण की रिमझिम तथा ऊंची कूद में बरखेड़ा की रुचि और बीसलपुर ग्रामीण की रिमझिम का चयन किया गया।

अंडर-17 वर्ग में भी खिलाड़ियों ने बिखेरा जलवा

अंडर-17 आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में मरौरी की निशा और बरखेड़ा की रानी का चयन हुआ। 200 मीटर दौड़ में भी इन्हीं दोनों छात्राओं ने स्थान बनाया। 400 मीटर दौड़ में बिलसंडा की उमा और मरौरी की संतोष, 800 मीटर में बिलसंडा की नैंसी एवं उमा का चयन किया गया। लंबी कूद में मरौरी की निशा और बीसलपुर ग्रामीण की गीता, जबकि ऊंची कूद में मरौरी की संतोषी और बरखेड़ा की रानी ने चयन हासिल किया।

योग, कबड्डी और खो-खो समेत अन्य खेलों के लिए भी चयन

एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के अलावा योग, खो-खो, कबड्डी, गोला फेंक और चक्का फेंक जैसी प्रतियोगिताओं के लिए भी छात्राओं का चयन किया गया। ट्रायल के दौरान छात्राओं में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने बेहतर प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया।

सात दिन का आवासीय प्रशिक्षण शिविर होगा आयोजित

जिला समन्वयक मनीष श्रीवास्तव की देखरेख में आयोजित चयन प्रक्रिया में जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, जिला व्यायाम शिक्षिका विभा मिश्रा, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के खेल शिक्षक कमल सिंह, गीता, रोली, एकता, स्मृति, अनुराधा, पिंकी, सुमन, सरिता, खेल अनुदेशक सुरेंद्र मिश्रा तथा जितेंद्र कुमार ने प्रतिभागियों का चयन किया। चयनित छात्राओं को अब सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न खेलों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद ये छात्राएं मंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *