बिलसंडा में पुलिस मुठभेड़: व्यापारी हत्याकांड के दो और आरोपी गिरफ्तार, दोनों के पैरों में लगी गोली

Share Also


पीलीभीत। बिलसंडा क्षेत्र के चर्चित व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार देर रात बिलसंडा पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास कर रहे थे। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी मामूली रूप से घायल हुआ है।

वाहन चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़

पुलिस के अनुसार 30 मई  की रात थाना बिलसंडा पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के लिए गश्त और संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। रात करीब 10:25 बजे कैंचुआ पुलिया से पहाड़गंज रोड पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का संकेत देने पर बाइक सवारों ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान हेड कांस्टेबल जियाउलहक के बाएं हाथ को गोली छूती हुई निकल गई। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी कुनाल के बाएं पैर और शिव के दाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

अवैध तमंचे और कारतूस बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए सीएचसी बीसलपुर भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिसकर्मी जियाउलहक की हालत सामान्य बताई गई है।

व्यापारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड से जुड़ा है मामला

पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी 28 मई को बमरौली तिराहा स्थित पंकज कटियार की साइकिल दुकान में हुई मारपीट और व्यापारी पप्पू गुप्ता की हत्या की घटना में शामिल थे। घटना के दौरान कपड़ा व्यापारी पप्पू गुप्ता ने भाग रहे एक आरोपी को पकड़ लिया था, जिस पर आरोपियों के साथी ने तमंचे से फायर कर दिया। गंभीर रूप से घायल पप्पू गुप्ता की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी।

इस मामले में पंकज कटियार की तहरीर पर थाना बिलसंडा में मुकदमा संख्या 105/2026 दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

पहले भी चार आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में साजिश में शामिल रमेश चन्द्र कटियार, विमल और सीतेश को 29 मई को गिरफ्तार किया था। वहीं 30 मई की सुबह आरोपी लक्की मौर्य को भी पुलिस मुठभेड़ के दौरान अवैध शस्त्र सहित गिरफ्तार किया जा चुका है। देर रात हुई कार्रवाई में शिव और कुनाल की गिरफ्तारी के साथ अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *