पीलीभीत में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ… 1.31 लाख से अधिक छात्रों के खातों में भेजी गई डीबीटी राशि

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी के बड़ा लालपुर स्थित हस्तकला संकुल (ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर) से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इसी कार्यक्रम के दौरान प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्कूल बैग और स्वेटर के लिए 1200 रुपये की धनराशि भी बटन दबाकर हस्तांतरित की गई। जिले में इसका सीधा प्रसारण गांधी स्टेडियम स्थित प्रेक्षागृह में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को दिखाया गया।

दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

गांधी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, ललौरीखेड़ा ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार, डीआईओएस विजय सिंह यादव तथा बीएसए रोशनी सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

स्वस्थ शिक्षक ही दे सकेगा बेहतर शिक्षा : मुख्यमंत्री

लाइव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब शिक्षक और उसका परिवार स्वस्थ रहेगा तभी वह विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा दे सकेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना से शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे वे अधिक समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।

शिक्षकों के हित में दूरगामी पहल : जनप्रतिनिधि

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहली बार शिक्षकों के लिए इस तरह की कैशलेस चिकित्सा योजना लागू की गई है। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ऐतिहासिक पहल बताया। वहीं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने कहा कि यह योजना शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के हितों को ध्यान में रखकर शुरू की गई दूरदर्शी पहल है।

हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का आह्वान

जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने शिक्षकों से विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक बनाने और उनमें राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्कूल चलो अभियान के तहत कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक पात्र बच्चे का विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी बच्चों को निपुण बनाने पर भी विशेष जोर दिया।

जिले के हजारों शिक्षाकर्मियों को मिलेगा योजना का लाभ

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को सांकेतिक डेमो कार्ड भी प्रदान किए। जिले में इस योजना का लाभ 3718 शिक्षक, 569 अनुदेशक, 1512 शिक्षामित्र और 4203 विद्यालयों की रसोइयों को मिलेगा।

1.31 लाख छात्रों के अभिभावकों के खातों में पहुंची राशि

डीबीटी के माध्यम से जिले के 1,31,380 परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्कूल बैग और स्वेटर के लिए 1200 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई, जिससे नई शिक्षा सत्र की तैयारियों को मजबूती मिलेगी।

मुनीष कुमार पाठक को मिला राष्ट्रीय सम्मान, तालियों से गूंजा सभागार

वाराणसी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान जिले के प्राथमिक विद्यालय चोखापुरी के प्रधानाध्यापक मुनीष कुमार पाठक को स्वच्छ एवं हरित विद्यालय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जैसे ही एलईडी स्क्रीन पर उनका सम्मान समारोह प्रसारित हुआ, गांधी स्टेडियम का सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। प्राथमिक विद्यालय चोखापुरी को स्वच्छ एवं हरित विद्यालय योजना में राष्ट्रीय स्तर पर 25वीं तथा प्रदेश स्तर पर दूसरी रैंक प्राप्त हुई है।

फूलों की रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र

बारिश के कारण रंगों से रंगोली बनाना संभव नहीं हो सका तो बेसिक शिक्षा विभाग की रंगोली टीम ने फूलों से आकर्षक रंगोली तैयार की। इसकी सुंदरता ने कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का ध्यान आकर्षित किया और सभी ने इसकी मुक्तकंठ से सराहना की।

बीएसए ने जताया आभार

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, शिक्षकों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्राथमिक विद्यालय चोखापुरी के प्रधानाध्यापक मुनीष कुमार पाठक का सम्मान पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने सभी शिक्षकों से इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला समन्वयक राकेश पटेल, जितेन चौधरी, सचिन चौधरी, पवन अग्रवाल, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एसआरजी वैभव जैसवार ने किया।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *