सीएम डैशबोर्ड पर फिसली पीलीभीत पंचायतों की रफ्तार… डेटा फीडिंग में फेल 51 पंचायत सचिव, विभाग ने दी आखिरी चेतावनी

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग सुधारने और विकास कार्यों की वास्तविक प्रगति दर्ज कराने के सरकारी प्रयासों के बीच पंचायती राज विभाग में बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिले के 51 पंचायत सचिवों ने ग्राम सचिवालय एवं पंचायत भवन से संबंधित अनिवार्य जानकारी समय पर पोर्टल पर अपलोड नहीं की। मामले को गंभीर मानते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) ने सभी संबंधित पंचायत सचिवों और एडीओ पंचायत को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए तत्काल डेटा फीडिंग पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

41 बिंदुओं की जानकारी पोर्टल पर करनी थी अपलोड

जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय की ओर से 19 जून को पत्र जारी कर सभी विकास खंडों को निर्देश दिए गए थे कि ग्राम सचिवालय एवं पंचायत भवन से जुड़े 41 बिंदुओं और सेवाओं का विवरण दो दिनों के भीतर पंचायती राज पोर्टल पर शत-प्रतिशत दर्ज कराया जाए। यह डेटा सीधे मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से जुड़ा होने के कारण इसकी समयबद्ध फीडिंग अनिवार्य थी।

समीक्षा में खुली लापरवाही की पोल

एक दिन पूर्व सीएम डैशबोर्ड पोर्टल पर डेटा एंट्री की समीक्षा की गई तो स्थिति चिंताजनक मिली। जांच में सामने आया कि अमरिया, बरखेड़ा, बिलसंडा, बीसलपुर, ललौरीखेड़ा, मरौरी और पूरनपुर विकास खंडों के 51 पंचायत सचिवों ने अब तक डेटा प्रविष्टि शुरू तक नहीं की थी। सभी के नाम के सामने प्रगति शून्य दर्ज मिली, जिससे विभागीय अधिकारियों की चिंता बढ़ गई।

जनपद की रैंकिंग पर पड़ रहा प्रतिकूल असर

अधिकारियों के अनुसार ग्राम पंचायतों से संबंधित यह डेटा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है। समय पर जानकारी अपलोड न होने से जिले की रैंकिंग प्रभावित हो रही है, जिसे शासन स्तर पर गंभीरता से देखा जा रहा है। इसी वजह से संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

लापरवाही पर अंतिम चेतावनी, कार्रवाई की तैयारी

डीपीआरओ रोहित भारती ने सभी 51 पंचायत सचिवों तथा संबंधित एडीओ पंचायत को अंतिम चेतावनी पत्र जारी करते हुए निर्देश दिए हैं कि ब्लॉक स्तरीय लॉगिन आईडी के माध्यम से तत्काल शत-प्रतिशत डेटा फीडिंग सुनिश्चित करें। निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इन विकास खंडों के सचिवों को जारी हुई चेतावनी

अमरिया, बरखेड़ा, बिलसंडा, बीसलपुर, ललौरीखेड़ा, मरौरी और पूरनपुर विकास खंड के कुल 51 पंचायत सचिवों को अंतिम चेतावनी पत्र जारी किया गया है। इनमें अमित दुबे, लाल बहादुर मौर्य, प्रिंस कुमार, राधेश्याम यादव, राकेश यादव, राम प्रकाश, सचिन कुमार, सचिन कुमार शिखा, भुवनेश कुमार, कमल किशोर, करन सिंह नविहाल, राजकुमार, रामवीर, रोशनी वर्मा, योगेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, प्रवीण मौर्य, प्रियांशु द्विवेदी, राहुल पुष्कर, राजीव प्रकाश, मुकेश सिंह राणा, पुष्कर राणा, रितेश शुक्ला, संतोष कुमार, विजय तिवारी, अमित कुमार श्रीवास्तव, कृष्ण मुरारी, महेश कुमार, मोहित गोस्वामी, प्रकाश राम आर्या, तृप्तिमान त्रिपाठी, पूरन सिंह राना, राकेश कुमार शर्मा, रिजवान, रोहित माथुर, विकास पांडेय, अविनाश कुमार, बृजेश कुमार, धर्मपाल, ललित मोहन गंगवार, मंजुल मिश्रा, नागेंद्र कुमार, ओम प्रकाश, पंकज कुमार आर्या, प्रेम शंकर, राहुल भारती, राम किशोर, विजय कुमार, विजय कुमार पासवान तथा विशाल शामिल हैं।

“सीएम डैशबोर्ड की प्रगति से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद 51 पंचायत सचिवों द्वारा डेटा फीडिंग न करना राजकीय कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना है। सभी को अंतिम चेतावनी जारी कर दी गई है। इसके बाद भी कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधितों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।”
— रोहित भारती, जिला पंचायत राज अधिकारी, पीलीभीत


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *