रिंटू वर्मा…
पीलीभीत उत्तर प्रदेश के मेडिकल कॉलेज पीलीभीत में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पैरामेडिकल छात्र ने अपनी ही सहपाठी छात्रा पर सिटी स्कैन कक्ष के भीतर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गई। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्र-छात्राओं सहित अस्पताल कर्मियों में दहशत फैल गई।
बचाने पहुंची महिला कर्मचारी भी हुई घायल
हमले के दौरान छात्रा की चीख-पुकार सुनकर उसे बचाने के लिए एक महिला कर्मचारी मौके पर पहुंची। आरोपी छात्र ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों और छात्रों ने किसी तरह आरोपी को काबू करने का प्रयास किया और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी।
गंभीर हालत में बरेली रेफर, इलाज के दौरान छात्रा ने तोड़ा दम
घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। छात्रा की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया। वहीं घायल महिला कर्मचारी का उपचार जारी है।
आरोपी छात्र गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। पुलिस ने आरोपी पैरामेडिकल छात्र को हिरासत में लेकर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है। मामले में हत्या सहित संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
(दोनों छात्र का फ़ाइल फोटो )
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों का धरना-प्रदर्शन
छात्रा की मौत से आक्रोशित पैरामेडिकल छात्रों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने, हॉस्टल सुरक्षा बढ़ाने, प्रवेश व्यवस्था को सख्त बनाने तथा दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अस्पताल परिसर में एकत्र रहे।
प्रशासन ने छात्रों को दिया कार्रवाई का आश्वासन
धरने की सूचना पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे छात्रों से वार्ता की। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच, दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई तथा सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किए जाने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे और लिखित आश्वासन की मांग करते रहे।
मेडिकल कॉलेज परिसर में भारी पुलिस बल तैनात
घटना और उसके बाद हुए विरोध प्रदर्शन को देखते हुए मेडिकल कॉलेज परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पूरे परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है, जबकि छात्रा की मौत के बाद मेडिकल कॉलेज में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।

