रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत की वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. शिखा सक्सेना को अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश में आयोजित बोर्ड ऑफ स्टडीज़ (बायोकैमिस्ट्री) की महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से सचिव निर्वाचित किया गया। उनके चयन से मेडिकल कॉलेज में खुशी की लहर है और इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
विश्वविद्यालय में हुई महत्वपूर्ण बैठक
बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित बैठक कुलपति मेजर जनरल डॉ. अमित देवगन एवं डीन मेडिकल डॉ. लोकेश अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के लगभग 30 प्रोफेसर्स एवं विषय विशेषज्ञों ने भाग लिया।
शिक्षा और अनुसंधान पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक के दौरान चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, नए पाठ्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, अनुसंधान गतिविधियों के विस्तार तथा बायोकैमिस्ट्री विषय के शैक्षणिक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद हुई मतदान प्रक्रिया में डॉ. शिखा सक्सेना को सर्वसम्मति से बोर्ड ऑफ स्टडीज़ (बायोकैमिस्ट्री) का सचिव चुना गया।
शैक्षणिक उत्कृष्टता का मिला सम्मान
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. अरुण सिंह ने बताया कि डॉ. शिखा सक्सेना का चयन उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध कार्यों और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल डॉ. सक्सेना ही नहीं, बल्कि पूरे पीलीभीत मेडिकल कॉलेज के लिए सम्मान और गर्व की बात है। उनके नेतृत्व में संस्थान की शैक्षणिक और अनुसंधान गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
प्राचार्या ने दी बधाई
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने डॉ. शिखा सक्सेना को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की उच्च शैक्षणिक गुणवत्ता और संकाय सदस्यों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. सक्सेना विश्वविद्यालय स्तर पर अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता से महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

