रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। शनिवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज पीलीभीत में इलाज कराने के लिए बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। सुबह से ही अस्पताल परिसर में मरीजों और तीमारदारों की भीड़ देखने को मिली। पर्चा काउंटर पर मरीजों की लंबी लाइन लगी रही, वहीं दवा काउंटर और विभिन्न विभागों के डॉक्टर कक्षों के बाहर भी मरीज अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार शनिवार को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कुल 1650 मरीजों के पंजीकरण (पर्चे) बनाए गए। इनमें जिले के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीज भी शामिल रहे। कई मरीज सुबह जल्दी ही अस्पताल पहुंच गए थे ताकि उन्हें समय पर डॉक्टर को दिखाया जा सके।
मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों में डॉक्टरों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया और जरूरत के अनुसार दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। अस्पताल में उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने पूरे दिन मरीजों की जांच और उपचार में व्यस्त रहते हुए अपनी सेवाएं दीं। वहीं अस्पताल प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया गया ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मरीजों और उनके तीमारदारों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज में निःशुल्क जांच और दवाइयों की सुविधा मिलने से उन्हें काफी राहत मिल रही है, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को इलाज कराने में आसानी हो रही है।
“पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही हैजो एक उपलब्धि है । सरकार की मंशा है कि दूर-दराज से आने वाले सभी मरीजों को निःशुल्क और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।” — डॉ. संगीता अनेजा, प्राचार्या, मेडिकल कॉलेज पीलीभीत

