रिंटू वर्मा..
पीलीभीत। स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज की 200 बेड क्षमता वाली नई अस्पताल भवन में स्वास्थ्य सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। शनिवार को मेडिसिन विभाग को भी नई इमारत में स्थानांतरित कर दिया गया, जिसके साथ ही यहां मरीजों का आना-जाना शुरू हो गया है। इससे अब दूर-दराज से आने वाले मरीजों को अधिकांश चिकित्सकीय सुविधाएं एक ही भवन में उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे उन्हें विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा।
नई बिल्डिंग में बढ़ीं स्वास्थ्य सुविधाएं
नई अस्पताल भवन में पहले से ही दंत रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी), सर्जरी तथा तंत्रिका रोग (न्यूरोलॉजी) विभाग संचालित किए जा रहे हैं। शनिवार को मेडिसिन विभाग के भी शिफ्ट होने के बाद नई बिल्डिंग में मरीजों के इलाज की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो गई है। वहीं पुरानी अस्पताल बिल्डिंग में जल्द ही आर्थोपेडिक (हड्डी रोग) विभाग को स्थानांतरित किया जाएगा।
आधुनिक वार्ड और नई मशीनों से मिलेगा बेहतर इलाज
नई इमारत के प्रत्येक विभाग में मरीजों के भर्ती होने की व्यवस्था की गई है। सभी वार्डों में नए बेड लगाए गए हैं तथा आधुनिक चिकित्सा उपकरण और आवश्यक मशीनें स्थापित की गई हैं। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वार्डों में बेहतर उपचार और देखभाल की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
अलग-अलग कमरों में संचालित होंगी ओपीडी सेवाएं
नई बिल्डिंग में मरीजों की सुविधा के लिए विभिन्न मंजिलों पर अलग-अलग ओपीडी कक्ष बनाए गए हैं। प्रथम तल पर कक्ष संख्या-107 में विशेष क्लीनिक स्थापित किया गया है। वहीं महिला एवं पुरुष इंजेक्शन कक्ष क्रमशः कक्ष संख्या-111 और 112 में संचालित किए जा रहे हैं। सर्जरी से संबंधित जांच की व्यवस्था कक्ष संख्या-102 और 103 में की गई है, जिससे मरीजों को जांच और उपचार एक ही परिसर में आसानी से उपलब्ध हो सके।
उप प्राचार्य बोले—मरीजों को मिलेगा बेहतर लाभ
मेडिकल कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ. अरुण सिंह ने बताया कि शनिवार से मेडिसिन विभाग को नई 200 बेड की अस्पताल बिल्डिंग में पूरी तरह शिफ्ट कर दिया गया है और यहां मरीजों का उपचार भी शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि दंत रोग, ईएनटी, सर्जरी एवं तंत्रिका रोग विभाग पहले से नई इमारत में संचालित हो रहे हैं। मेडिसिन विभाग के स्थानांतरण के बाद अब मरीजों को एक ही भवन में अधिकतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा, जिससे उपचार प्रक्रिया और अधिक सुगम एवं सुविधाजनक हो जाएगी।
मरीज की सहायता करने के लिए काउंटर पर बैठे मिले डॉ फरीद
शनिवार को मेडिसिन विभाग 200 वेट युक्त नई इमारत में शिफ्ट हुआ है इसको लेकर एनाटॉमी विभाग के डॉक्टर फरीद भूतल पर काउंटर पर बैठे मिले और मरीजों को समस्त प्रकार की जानकारी देते पाए गए।

