नए प्राचार्य ने मेडिकल कॉलेज पीलीभीत अस्पताल में ढाई घंटे तक परखी व्यवस्थाएं… प्राचार्य का सख्त संदेश: लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत।स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय के नए प्राचार्य प्रो. डॉ. अमित कुमार ने कार्यभार संभालने के बाद पहली बार मेडिकल कॉलेज अस्पताल का व्यापक निरीक्षण किया। करीब ढाई घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इमरजेंसी से आईसीयू तक परखी व्यवस्थाएं

निरीक्षण के दौरान प्राचार्य ने इमरजेंसी, पुरुष वार्ड, महिला वार्ड, नई अस्पताल बिल्डिंग, आईसीयू सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों की व्यवस्थाओं, चिकित्सा उपकरणों, साफ-सफाई और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तार से समीक्षा की।

मरीजों से सीधे संवाद कर जाना हाल

प्राचार्य डॉ. अमित कुमार ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डॉक्टरों और कर्मचारियों को दिए सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान मौजूद चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज बेहतर उपचार पाने का हकदार है और उसकी देखभाल में किसी भी तरह की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।

रोजाना होगा निरीक्षण, लापरवाही पर होगी कार्रवाई- प्राचार्य डॉ अमित कुमार 

प्राचार्य डॉ. अमित कुमार ने कहा कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल का नियमित निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण किसी तय समय पर नहीं बल्कि अलग-अलग समय पर होगा, ताकि व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना था कि मरीजों की सेहत के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा और अस्पताल में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *