पीलीभीत। उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, उत्तर प्रदेश के सूचना निदेशक ने पत्रकारों के हित में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को और सरल बनाने की घोषणा की है। इसके तहत जिन पत्रकारों ने आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया है लेकिन किसी कारणवश उनका कार्ड नहीं बन सका है, वे अब beneficiary.nha.gov.in पोर्टल पर अपने आवेदन की स्थिति (स्टेटस) देख सकते हैं।
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने बताया कि यदि पोर्टल पर नाम प्रदर्शित हो रहा है और किसी प्रकार की त्रुटि या संशोधन की आवश्यकता है, तो संबंधित जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में संपर्क कर आवश्यक संशोधन कराया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि जिन पत्रकारों ने अभी तक आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया है अथवा आवेदन के बावजूद उनका कार्ड जारी नहीं हो पाया है, उनकी सुविधा के लिए शीघ्र ही एक नया ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा। इस पोर्टल के माध्यम से पत्रकार अपने जनपद के जिला सूचना अधिकारी के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
सूचना निदेशक ने कहा कि जैसे ही नया पोर्टल शुरू होगा, इसकी जानकारी सभी पत्रकारों को तत्काल उपलब्ध करा दी जाएगी, जिससे पात्र पत्रकारों को आयुष्मान योजना का लाभ आसानी से मिल सके।

