पीलीभीत का चोखापुरी स्कूल बना मिसाल : बीएसए ने किया बच्चों का तिलक, विधायक ने दिया लाखों का सहयोग, बच्चों के खिले चेहरे।

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। उत्तरप्रदेश प्रदेश के पीलीभीत के पूरनपुर ब्लॉक स्थित प्राइमरी विद्यालय चोखापुरी में प्रवेश उत्सव कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक कर स्वागत किया और उन्हें स्कूल किट वितरित की। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जीता सभी का दिल

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर अभिभावक भी आश्चर्यचकित रह गए। बच्चों की प्रतिभा ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए और पूरे माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

नए सत्र में बढ़ी छात्राओं की संख्या

नए शैक्षिक सत्र में 21 छात्र-छात्राओं का प्रवेश हुआ है, जबकि वर्तमान में विद्यालय में कुल 57 छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। यह विद्यालय की प्रगति को दर्शाता है।

सुविधाओं से सुसज्जित बना स्कूल

विद्यालय के सभी कक्षों में एलईडी की व्यवस्था की गई है, जो शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है। जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार द्वारा एक एलईडी पहले ही प्रदान की जा चुकी है, जिससे पढ़ाई का स्तर और बेहतर हुआ है।

विधायक का बड़ा सहयोग, मिला आधुनिक संसाधन

लखनऊ के सरोजनी नगर विधायक राजेश्वर सिंह ने विद्यालय को कंप्यूटर, स्मार्ट बोर्ड, 10 छात्राओं को साइकिलें और एक लाख रुपये का अनुदान दिया। जिले में किसी स्कूल को इस स्तर का सहयोग पहली बार मिला है।

स्कूल का वातावरण बना आकर्षण का केंद्र

बीएसए रोशनी सिंह ने विद्यालय की हरियाली, पुष्प वाटिका और साफ-सुथरे वातावरण की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह शिक्षकों की कड़ी मेहनत का परिणाम है और अन्य विद्यालयों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।

बीएसए के व्यवहार ने जीता शिक्षकों का दिल

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक मुनीष कुमार ने सम्मान स्वरूप अपनी कुर्सी बीएसए को देने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने विनम्रता से मना करते हुए कहा कि यह कुर्सी प्रधानाध्यापक की ही है। इस व्यवहार से शिक्षकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

साइकिल पाकर खिले छात्राओं के चेहरे

जब छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं, तो उनके साथ-साथ अभिभावकों के चेहरे भी खुशी से खिल उठे। यह पल कार्यक्रम का सबसे भावुक और खुशी भरा दृश्य रहा।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *