रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। पीलीभीत जनपद मे गेंहू की सरकारी खरीद क़ो लेकर अब पीलीभीत के डीएम ने सख्त रूख अपनाया है, ताकि जनपद मे लक्ष्य के अनुरूप गेंहू खरीद हो सके।
दरअसल जनपद में गेहूं खरीद को सुचारू और पारदर्शी ढंग से संचालित करने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। शासन से मिले आदेश के बाद तीन मण्डियों के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।
जारी आदेश के अनुसार नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर को पीलीभीत मण्डी, उप जिलाधिकारी न्यायिक लाल सिंह यादव को बीसलपुर मण्डी तथा जिला खाद्य विपणन अधिकारी विजय कुमार को पूरनपुर मण्डी का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
डीएम ने निर्देश दिए हैं कि सभी नामित अधिकारी प्रतिदिन अपनी-अपनी मण्डियों में स्वयं उपस्थित रहकर गेहूं खरीद प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार टोकन व्यवस्था के माध्यम से किसानों से गेहूं खरीद सुनिश्चित कराई जाएगी।
इसके साथ ही अधिकारियों को प्रतिदिन समीक्षा बैठक कर खरीद की प्रगति का अनुश्रवण करने तथा प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक दिन की समीक्षा रिपोर्ट जिला खाद्य विपणन अधिकारी के कार्यालय में उपलब्ध कराई जाएगी, जिसे शाम 7 बजे तक संकलित कर जिलाधिकारी कार्यालय भेजना अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि गेहूं खरीद से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और इसकी जिम्मेदारी व्यक्तिगत रूप से तय की जाएगी।

