रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। बीसलपुर तहसील के बबूरा गांव के संजीव कुशवाहा के बेटे जीनियस कुशवाहा ने अपने गांव के साथ-साथ जिले और मंडल का नाम रोशन किया है। जीनियस कुशवाहा कंपोजिट स्कूल मीरपुर हररायपुर में कक्षा चार के छात्र होने के साथ-साथ एक उभरते खिलाड़ी भी हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग की 36वीं राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन 9 से 11 मार्च के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संस्थान अयोध्या में किया गया। प्रतियोगिता में पहुंचने से पहले जीनियस ने जिले में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद शाहजहांपुर में आयोजित मंडलीय प्रतियोगिता में भी उन्होंने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए।
अयोध्या में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीनियस कुशवाहा ने कराटे में दमदार और धुआंधार प्रदर्शन कर सभी को चौंका दिया। प्रतियोगिता के अंत में निर्णायक मंडल ने जब परिणाम घोषित किया तो जीनियस कुशवाहा को रजत पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि मिलने पर जीनियस और उनके पिता संजीव कुशवाहा की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
जीनियस की बहन अक्षरा कुशवाहा भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और वह अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संस्थान अयोध्या में कुश्ती का प्रशिक्षण ले रही हैं। जीनियस के पिता संजीव कुशवाहा कंपोजिट स्कूल मीरपुर हररायपुर में शिक्षामित्र हैं और वही उनके कोच भी हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए वह स्वयं बेटे को लेकर अयोध्या पहुंचे। वहीं उनकी मां जया कुशवाहा बबूरा गांव की पूर्व ग्राम प्रधान रह चुकी हैं।
जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार ने बताया कि जीनियस कुशवाहा एक प्रतिभावान खिलाड़ी छात्र हैं और भविष्य में उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। जीनियस की इस उपलब्धि पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने बधाई देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है।

