पीलीभीत। यूनाइटेड टीचर्स एसोसिएशन (यूटा) का दो दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन आगरा में रविवार को संपन्न हो गया। सम्मेलन में यूटा की पीलीभीत जिला इकाई के कई पदाधिकारियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार का शिक्षकों के प्रति हमेशा सकारात्मक रुख रहा है और आगे भी बना रहेगा। सम्मेलन में वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से मुक्त किए जाने का मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया।
यूटा की जिला इकाई के अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्वसम्मति से राजेंद्र सिंह राठौर को संगठन का प्रांतीय अध्यक्ष चुना गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष द्वारा जिला अध्यक्ष राजेश मिश्रा, मंत्री मोहम्मद अकरम, जिला कोषाध्यक्ष के.के. सागर एवं मोहम्मद रिजवान को अंगवस्त्र व पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
जिला अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा कि संगठन भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और शिक्षकों के हितों की रक्षा करना ही उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

