रिंटू वर्मा…
पीलीभीत।उत्तर प्रदेश ग्राम विकास अधिकारी संघ, जनपद शाखा पीलीभीत की जिला कार्यकारिणी का चुनाव शनिवार को नगर स्थित होटल ग्रैंड शारदा में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। चुनाव पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया गया, जिसमें सभी पदों पर निर्विरोध एवं सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया।
चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी संजय तोमर (प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, ग्राम विकास मिनिस्ट्रीयल एसोसिएशन, उ.प्र.) एवं सह-चुनाव अधिकारी अवनीश कुमार (जिला अध्यक्ष, ग्राम पंचायत अधिकारी संघ, पीलीभीत) की देखरेख में पूरी कराई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उ.प्र. राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, पीलीभीत के जिलाध्यक्ष इल्मुद्दीन खां उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन की एकता एवं मजबूती पर विशेष बल दिया गया।
चुनाव के उपरांत घोषित कार्यकारिणी में राम किशोर को जिला अध्यक्ष, आर्मेन्द्र कुमार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सौरभ गंगवार को जिला मंत्री, रूपेश कुमार को उपाध्यक्ष, राहुल कनौजिया को कोषाध्यक्ष एवं मेवालाल को ऑडिटर चुना गया। इसके अतिरिक्त नागेन्द्र कुमार को संगठन मंत्री, ललित मोहन गंगवार को संयुक्त मंत्री तथा सुधीर कुमार को प्रांतीय प्रतिनिधि बनाया गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में वीरेन्द्र कुमार, महेश पाल एवं प्रवीण मौर्या को जिम्मेदारी सौंपी गई।
चुनाव के उपरांत सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई तथा उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष राम किशोर ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।

