रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। शासन के निर्देश पर जनपद में जिला स्तरीय स्कूल चलो अभियान का भव्य शुभारंभ मरौरी ब्लॉक के जूनियर हाई स्कूल टाह पौटा से किया गया। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास सहित अन्य अधिकारियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक स्वामी प्रवक्तानंद एवं जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं को रोली-अक्षत का तिलक लगाकर, माला पहनाकर सम्मानित किया और उन्हें निशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित कीं। कार्यक्रम का आयोजन भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
नवप्रवेशित विद्यार्थियों में कक्षा छह की खुशबू, ऋषभ, अरविंद, कक्षा सात की ईशा, सुमित, गजेंद्र तथा कक्षा आठ की अंजू, शशि, मोहित सहित कई छात्र-छात्राएं सम्मान और किताबें पाकर खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने कहा कि “शिक्षा शेरनी का दूध है, इसे जो पिएगा वह दहाड़ेगा।” उन्होंने कहा कि शिक्षा के बिना समाज और परिवार का विकास संभव नहीं है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे खूब पढ़-लिखकर आगे बढ़ें और भविष्य में डीएम, बीएसए या जनप्रतिनिधि बनकर समाज की सेवा करें।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि कोई भी बच्चा बुनियादी शिक्षा से वंचित न रहे। इसके लिए शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है कि वे स्कूल से बाहर बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ें और उन्हें विद्यालय में प्रवेश दिलाएं।
कार्यक्रम के पश्चात अतिथियों ने स्कूल चलो अभियान की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली की अगुवाई जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने की। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं “पढ़ी-लिखी लड़की, रोशनी घर की”, “पढ़ेंगे-पढ़ाएंगे, रोज स्कूल आएंगे” जैसे नारों के साथ लोगों को जागरूक कर रहे थे।
इस दौरान विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, बीएसए रोशनी सिंह एवं अन्य अधिकारियों ने बच्चों के साथ बैठकर मिड डे मील भी ग्रहण किया। मिड डे मील में स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए।
अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक शिक्षक का दायित्व है कि वह अपने क्षेत्र में कोई भी बच्चा स्कूल से वंचित न रहने दे। इसके लिए शिक्षकों को अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें शिक्षा का महत्व समझाना होगा।
इस अवसर पर जिला समन्वयक राकेश पटेल, मनीष श्रीवास्तव, सचिन चौधरी, जितेंद्र चौधरी, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, अजय कुमार, के.के. सागर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

