रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। एसोसिएशन ऑफ कम्युनिटी फार्माकोथेरेप्यूटिक्स एवं फार्माकोलॉजी तथा थेरेप्यूटिक्स विभाग, केजीएमयू लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पैन इंडिया फार्माकोलॉजी क्विज (पीआईपीए) 2026 में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत के एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
देशभर के मेडिकल छात्रों ने लिया हिस्सा
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों के छात्रों ने प्रतिभाग किया। पीलीभीत मेडिकल कॉलेज के कुल 20 छात्रों ने इस ऑल इंडिया क्विज में सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सिद्धांत बाजपेयी ने हासिल किया ऑल इंडिया द्वितीय स्थान
प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र सिद्धांत बाजपेयी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे जनपद का नाम गौरवान्वित हुआ है।
विभागाध्यक्ष के मार्गदर्शन में मिली सफलता
फार्माकोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. शकील अहमद के मार्गदर्शन में छात्रों ने यह सफलता हासिल की। यह उपलब्धि छात्रों की कड़ी मेहनत, समर्पण और संस्थान के उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का परिणाम मानी जा रही है।
प्राचार्या ने दी बधाई
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने एमबीबीएस छात्र सिद्धांत बाजपेयी (2024 बैच) एवं फार्माकोलॉजी विभाग को इस उपलब्धि पर बधाई दी और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

