रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर 21 मार्च को लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ के हाथों पीलीभीत टाइगर रिजर्व के दो वन अफसर सम्मानित किए जाएंगे। यह सम्मान उप प्रभागीय वनाधिकारी पूरनपुर रमेश चौहान और दियोरिया रेंज के रेंजर लल्लनस्वरूप दीक्षित को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया जा रहा है।
तीन दशक पुराने अवैध कब्जे को कराया मुक्त
टाइगर रिजर्व प्रशासन के अनुसार, दोनों वन अफसरों ने पिछले करीब 30 वर्षों से अवैध कब्जे में चली आ रही वन भूमि को कब्जामुक्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह कार्रवाई 27 फरवरी को पुलिस प्रशासन के सहयोग से बिना किसी विरोध के सफलतापूर्वक पूरी की गई। यह भूमि शाहजहांपुर वन प्रभाग की खुटार रेंज से स्थानांतरित होकर दियोरिया रेंज में आई थी, जिस पर लंबे समय से अतिक्रमण था।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिलेगा सम्मान
कार्यक्रम में पौधरोपण, वन एवं वन्यजीव संरक्षण, अतिक्रमण हटाने, अवैध कटान पर कार्रवाई, वन्यजीव अपराध नियंत्रण, वनाग्नि प्रबंधन और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वन अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
पीटीआर की कॉफी टेबल बुक का होगा विमोचन
इस अवसर पर पीलीभीत टाइगर रिजर्व की बहुप्रतीक्षित कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया जाएगा। इस पुस्तक में टाइगर रिजर्व के पर्यटन स्थलों, वन्यजीवों और प्राकृतिक सौंदर्य से जुड़ी आकर्षक तस्वीरें और उनका विवरण शामिल किया गया है।
डेढ़ साल की मेहनत से तैयार हुई पुस्तक
करीब डेढ़ से दो वर्षों की मेहनत के बाद तैयार इस कॉफी टेबल बुक में देश के नामचीन वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफरों द्वारा खींची गई तस्वीरें शामिल की गई हैं। पुस्तक को तैयार कराने में डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

