पीलीभीत के न्यूरिया में अवैध लकड़ी कारोबार पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई,… 6 स्थानों पर छापेमारी,भारी

Share Also

पीलीभीत। वन एवं वन्यजीव प्रभाग, पीलीभीत की टीम ने न्यूरिया क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित लकड़ी डिपो के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक निजी गोदाम से चोरी का खैर प्रकाष्ठ बरामद किया गया, जबकि पांच अन्य डिपो स्थलों से भी बड़ी मात्रा में विभिन्न प्रजातियों की लकड़ी पकड़ी गई।

वन विभाग को आठ जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पीलीभीत-टनकपुर मार्ग पर कस्बा न्यूरिया स्थित एक निजी गोदाम में चोरी से लाया गया खैर प्रकाष्ठ रखा गया है। सूचना पर उप प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन में गठित टीम ने छापा मारकर गोदाम से 107 नग खैर की लकड़ी, जिसका वजन लगभग 128.10 कुंतल बताया गया है, बरामद की। जब्त लकड़ी को वन विभाग परिसर में सुरक्षित रखवा दिया गया।
इसके बाद वन विभाग ने अभियान चलाकर न्यूरिया कस्बे में अवैध रूप से संचालित पांच अन्य लकड़ी डिपो पर भी छापेमारी की। इन स्थलों से विभिन्न प्रजातियों के कुल 528 नग प्रकाष्ठ बरामद किए गए। संचालक मौके पर लकड़ी से संबंधित वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके चलते समस्त बरामद प्रकाष्ठ को सुपुर्दगी में दे दिया गया।
वन विभाग ने सभी छह मामलों में वन अपराध दर्ज करते हुए पीलीभीत रेंज में रेंज केस संख्या 48, 49, 50, 51, 52 एवं 53/2026-27 पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभागीय निदेशक वन एवं वन्यजीव प्रभाग, पीलीभीत भरत कुमार डी.के ने बताया कि अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *