हिंदू रीति से फेरे, मुस्लिम जोड़ों का निकाह… आज गूंजेगी सामूहिक विवाह की शहनाई, सीएम सामूहिक विवाह कार्यक्रम: एक मंच पर 425 जोड़ों की नई जिंदगी की शुरुआत

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज सोमवार को नवीन मंडी समिति परिसर में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है । कार्यक्रम में एक ही मंच पर हिंदू और मुस्लिम समुदाय के जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। हिंदू जोड़ों की शादी वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ कराई जाएगी, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामी रीति-रिवाज के अनुसार कराया जाएगा।

9 से 12 मार्च तक होगा सामूहिक विवाह कार्यक्रम

जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 9 मार्च से 12 मार्च तक सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान जनपद भर से चयनित जोड़ों का विवाह प्रशासन की देखरेख में संपन्न कराया जाएगा। शासन की इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक कराना है।

आज को 425 जोड़ों का होगा विवाह

सोमवार को पूरनपुर तहसील क्षेत्र के 425 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा। विवाह समारोह के लिए नवीन मंडी समिति परिसर में भव्य मंडप सजाया गया है। कार्यक्रम में पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हिंदू जोड़ों के फेरे कराए जाएंगे, जबकि मुस्लिम समुदाय के करीब 10 से 12 जोड़ों का निकाह मौलानाओं द्वारा कराया जाएगा।

सामाजिक सौहार्द की दिखेगी मिसाल

इस सामूहिक विवाह समारोह में विभिन्न धर्मों और समुदायों के जोड़े एक ही मंच से अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे। हिंदू और मुस्लिम रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न होने से सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की सुंदर मिसाल देखने को मिलेगी।

नवदंपतियों को मिलेगा सरकारी लाभ

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत नवविवाहित जोड़ों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता और उपहार भी प्रदान किए जाते हैं, जिससे गरीब परिवारों को विवाह के खर्च में राहत मिलती है और बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो पाता है।

विधायक बाबूराम पासवान देंगे आशीर्वाद

इस अवसर पर पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान भी कार्यक्रम में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि विवाह समारोह सुचारू और भव्य तरीके से संपन्न कराया जा सके।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *