रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। नगर क्षेत्र पीलीभीत के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं को शैक्षिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से बुधवार को एक्सपोजर विजिट पर बरेली भेजा गया। दो बसों में सवार होकर छात्राओं का दल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर से भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) बरेली के लिए रवाना हुआ। यह कार्यक्रम महानिदेशक स्कूल शिक्षा के निर्देश पर आयोजित किया गया।
छात्राओं को मिली वैज्ञानिक और भौगोलिक जानकारी
एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य छात्राओं को किताबों के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान से भी जोड़ना है, ताकि वे देश-दुनिया और विज्ञान से जुड़ी जानकारियों को करीब से समझ सकें। इस दौरान नगर क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की लगभग 100 छात्राओं ने आईवीआरआई बरेली पहुंचकर वहां की विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगशालाओं और विभागों का भ्रमण किया।
प्रयोगशालाओं और रिसर्च सेंटर का कराया भ्रमण
संस्थान के सीनियर टेक्निकल ऑफिसर ने छात्राओं को नाभिकीय वैज्ञानिक प्रयोगशाला, केंचुआ पालन, पशु-पक्षियों को दी जाने वाली वैक्सीन तथा पशुओं में होने वाली बीमारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पशुओं में कई प्रकार के वायरस जानलेवा हो सकते हैं और उनसे बचाव के लिए वैज्ञानिकों द्वारा रिसर्च के आधार पर वैक्सीन तैयार की जाती है।
पशु विज्ञान के विभिन्न अनुभाग देखे
छात्राओं ने पशु चिकित्सा विज्ञान अनुभाग, रिसर्च सेंटर और पशु शरीर रचना अनुभाग का भी अवलोकन किया। यहां उन्हें पशु-पक्षियों की आंतरिक संरचना के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद संस्थान की प्रयोगशाला, वधुशाला, नेशनल एनिमल साइंस सेंटर, कृषि विज्ञान केंद्र, योगा पार्क और जैविक उत्पाद विभाग का भी भ्रमण कराया गया।
वन्य जीवों और म्यूजियम का भी किया अवलोकन
वन्य जीव प्राणी अनुभाग में छात्राओं ने बारहसिंगा और हिरन को करीब से देखा। वहीं म्यूजियम में मोर, कछुआ, शुतुरमुर्ग और अन्य पक्षियों के बारे में भी संस्थान की ओर से विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला व्यायाम शिक्षक राजीव कुमार, के.के. सागर तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।

