औचक निरीक्षण में सख्त दिखीं मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या.. लापरवाही पर लगाई फटकार, अनट्रेंड कर्मचारी से मरहम-पट्टी कराने पर भड़कीं प्राचार्या दी सख्त चेतावनी

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। राजकीय मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा ने शनिवार सुबह करीब 10 बजे मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई और चिकित्सा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित डॉक्टरों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इमरजेंसी वार्ड से शुरू किया निरीक्षण

प्राचार्या ने अपने निरीक्षण की शुरुआत सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड से की। यहां भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने डॉक्टरों के चेंबर, विभिन्न वार्डों, सीटी स्कैन रूम, पर्चा काउंटर और आईसीयू का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी।

अनट्रेंड कर्मचारी से पट्टी कराते मिलने पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान प्राचार्या को एक स्थान पर मरीज की मरहम-पट्टी अनट्रेंड कर्मचारी द्वारा करते हुए पाया गया। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स और डॉक्टर को बुलाकर फटकार लगाई और कहा कि प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ के रहते हुए किसी भी अप्रशिक्षित कर्मचारी से मरीज का उपचार कराना गंभीर लापरवाही है।

प्राचार्या ने सख्त लहजे में कहा कि “आप सभी के पास सीखने और कार्य करने का अवसर है। यदि आपसे यह कार्य नहीं हो रहा है तो हमें बताइए, हम स्वयं जाकर मरीजों की मरहम-पट्टी करेंगे, लेकिन किसी भी हालत में मरीज की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।”

बिना ड्रेस के मिले डॉक्टर और कर्मचारी

निरीक्षण के दौरान कुछ डॉक्टर और कर्मचारी निर्धारित ड्रेस कोड में नहीं मिले। इस पर प्राचार्या ने उन्हें चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि सभी कर्मचारी और चिकित्सक ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से निर्धारित ड्रेस पहनकर ही आएं। उन्होंने कहा कि अस्पताल की अनुशासन व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

निरीक्षण के अंत में प्राचार्या ने समस्त डॉक्टरों और कर्मचारियों को नसीहत देते हुए कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि भविष्य में निरीक्षण के दौरान इसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मरीजों की सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए समय-समय पर इस तरह के निरीक्षण जारी रहेंगे।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *