पीलीभीत।पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टनकपुर–अछनेरा–टनकपुर विशेष ट्रेन के संचालन की अवधि में विस्तार करने का निर्णय लिया है। रेलवे प्रशासन के इस फैसले से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 05062/05061 टनकपुर–अछनेरा–टनकपुर विशेष गाड़ी का संचालन अब 2 अप्रैल 2026 से 14 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। यह विशेष ट्रेन प्रत्येक सप्ताह वृहस्पतिवार, शुक्रवार, रविवार, सोमवार एवं मंगलवार को कुल 75 फेरों के लिए संचालित होगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस ट्रेन में यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए पर्याप्त कोचों की व्यवस्था की गई है। गाड़ी में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 13 साधारण द्वितीय श्रेणी के कोच, 2 वातानुकूलित कुर्सीयान (एसी चेयर कार) तथा 2 एसएलआरडी (गार्ड एवं लगेज यान) शामिल होंगे।
रेलवे प्रशासन ने बताया कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से टनकपुर, बरेली, कासगंज, अछनेरा समेत मार्ग के विभिन्न स्टेशनों के यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। खासकर गर्मियों के मौसम में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए यह निर्णय बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने बताया कि ट्रेन से संबंधित अन्य सभी व्यवस्थाएं और समय-सारिणी पूर्ववत रहेंगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी सीटों का आरक्षण सुनिश्चित कर लें और रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

