रिंटू वर्मा…
पीलीभीत।चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर जिले भर में श्रद्धा और आस्था का माहौल देखने को मिला। पिछले नौ दिनों तक लोगों ने विधि-विधान से नवदुर्गा व्रत रखकर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालु प्रतिदिन प्रातःकाल उठकर स्नान करने के बाद मां दुर्गा की पूजा-अर्चना में लीन रहे और घरों व मंदिरों में भक्ति का वातावरण बना रहा।
नवरात्र के अंतिम दिन कन्या पूजन का विशेष महत्व रहा। इस अवसर पर लोगों ने अपने घरों में छोटी-छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर आदरपूर्वक आमंत्रित किया। विधि-विधान से उनके चरण पखारे गए और उन्हें सम्मानपूर्वक आसन पर बैठाया गया। इसके बाद कन्याओं को पूरी, खीर, हलवा, मिष्ठान और फल सहित विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों का भोग लगाया गया। भोजन के उपरांत उन्हें उपहार भेंट कर आशीर्वाद लिया गया।
मोहल्ला सुनगढ़ी में इस परंपरा को बड़े ही श्रद्धा भाव के साथ निभाया गया। यहां बेसिक शिक्षा विभाग की प्रधान अध्यापक पुष्पा मिश्रा ने अपने परिवार सहित कन्याओं का स्वागत किया और उन्हें देवी का स्वरूप मानकर विधिपूर्वक पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कन्याओं के चरण धोकर उनका सम्मान किया, उन्हें भोजन कराया और उपहार देकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस धार्मिक आयोजन के माध्यम से लोगों ने न केवल अपनी आस्था प्रकट की, बल्कि समाज में बेटी के सम्मान और उनके महत्व का संदेश भी दिया। नवरात्र के इस समापन पर्व पर पूरे क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।

