पीलीभीत।जनपद की कलीनगर तहसील में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब तहसीलदार कार्यालय के मुख्य गेट पर किसी अज्ञात शरारती तत्व द्वारा धमकी भरा पोस्टर चस्पा कर दिया गया। सुबह जब तहसील कर्मचारी रोज की तरह अपने कार्य पर पहुंचे, तो गेट पर लगा संदिग्ध कागज देखकर सभी हैरान रह गए।
बताया जा रहा है कि पोस्टर में कार्यालय को सील करने की धमकी के साथ-साथ अजीब और डराने वाली बातें लिखी गई थीं। इसमें “पृथ्वी को छोड़कर चले जाओ” जैसे वाक्य भी शामिल थे, जिससे कर्मचारियों में भय और असमंजस की स्थिति पैदा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत अधिकारियों को अवगत कराया।
सूचना मिलने के बाद तहसील प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में यह शरारती तत्वों की हरकत प्रतीत हो रही है, हालांकि अधिकारियों ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है। पोस्टर को हटाकर सुरक्षित रख लिया गया है, ताकि उसकी जांच कराई जा सके।

