एड. अंशुल गौरव सिंह…
पीलीभीत। उत्तरप्रदेश के पीलीभीत जनपद की तहसील अमरिया क्षेत्र के ग्राम भरा पचपेड़ा स्थित गौशाला की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। गौशाला प्रबंधन से जुड़े एड. अंशुल गौरव सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रार्थना पत्र भेजकर भूमि को कब्जा मुक्त कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि उत्तराखण्ड के ऊधमसिंह नगर जनपद निवासी गुरजीत सिंह उर्फ पंक्षी अपने साथियों के साथ मिलकर गौशाला की भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट जैसी धाराएं शामिल हैं।
बताया गया कि वर्ष 2020 में गौशाला से जुड़े एक गौरक्षक पर जानलेवा हमला करने का मामला भी थाना अमरिया में दर्ज हुआ था, जिसमें आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका है और मामला विचाराधीन है। वहीं, हाल ही में वर्ष 2024 में भी गौशाला की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसकी विवेचना जारी है।
यह भी आरोप लगाया है कि फर्जी दस्तावेजों के सहारे गौशाला की भूमि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है तथा समीप की ग्राम सभा भूमि पर अवैध निर्माण कर उसमें रहकर अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोग परेशान हैं।
प्रबंध समिति ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर अवैध कब्जा हटवाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाये।
गौशाला की भूमि से काट ली गई गेंहू की फसल। प्रशासन क़ो दी सूचना


