रिंटू वर्मा…
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी (डीडीसी) द्वारा कुल 95 मामलों से संबंधित करीब 2.15 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण किया गया।
इस दौरान जनपद के 16 थानों पर पंजीकृत मामलों से जुड़ी कुल 70.908 किलोग्राम अवैध चरस, डोडा, हीरोइन/स्मैक और गांजा को नष्ट किया गया। यह कार्रवाई ऑपरेशन “दहन” के तहत की गई।
निस्तारण की प्रक्रिया जनपद बरेली के थाना सीबीगंज क्षेत्र स्थित एनवायरद मेडिकेयर प्राइवेट लिमिटेड, परसाखेड़ा के इन्सिनेटर के माध्यम से मानक के अनुसार संपन्न कराई गई।
इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर नताशा गोयल के नेतृत्व में डीडीसी और डीसीआरबी टीम मौजूद रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

