मेडिकल कॉलेज पीलीभीत : औचक निरीक्षण में सख्त दिखीं प्राचार्या संगीता अनेजा… गंदगी पर फटकार, अवैध पार्किंग पर चला सख्ती का डंडा।

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत के मेडिकल कॉलेज में गुरुवार सुबह औचक निरीक्षण के दौरान प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के समय ब्लड बैंक के पास नाली में फैली गंदगी देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि दोबारा ऐसी लापरवाही सामने आई तो जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्राचार्य ने परिसर में बने सेफ्टी टैंक को भी जल्द खाली कराने के निर्देश दिए, ताकि स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे।

कैंपस में खड़े चार पहिया वाहनों पर सख्ती

निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज परिसर में बड़ी संख्या में चार पहिया वाहन खड़े मिले। इस पर प्राचार्य ने नाराजगी जताते हुए सुरक्षा गार्ड को मौके पर बुलाया और अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कॉलेज परिसर के चारों ओर कई वाहन खड़े पाए गए, जिससे व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। प्राचार्य ने साफ कहा कि कैंपस में अनुशासन से कोई समझौता नहीं होगा।

पुरुष वार्ड जल्द होगा नए अस्पताल भवन में शिफ्ट

पुरुष वार्ड को नए अस्पताल भवन में शिफ्ट करने की तैयारी भी तेज हो गई है। प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने बताया कि नवीन अस्पताल भवन में विद्युत केबल डालने का कार्य शुरू हो चुका है। कार्य पूरा होते ही पुरुष वार्ड को नए भवन में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

कॉलेज बाउंड्री तोड़कर बनाया रास्ता, प्रशासन को भेजा जाएगा पत्र

मेडिकल कॉलेज की बाउंड्री वाल तोड़कर कुछ मोहल्लावासियों द्वारा कॉलेज परिसर से आवागमन का रास्ता बना लिया गया है। इतना ही नहीं, कई लोगों ने अपने वाहन भी कॉलेज कैंपस में खड़े करने शुरू कर दिए हैं।

इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राचार्य ने जिलाधिकारी और सिटी मजिस्ट्रेट को पत्र भेजने के निर्देश दिए हैं, ताकि अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *