पीलीभीत के बूंदीभूड़ बवाल में बड़ी कार्रवाई: 44 महिला-पुरुषों पर मुकदमा दर्ज

Share Also


पीलीभीत।  उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद के कलीनगर तहसील क्षेत्र के बूंदीभूड़ गांव में शराब की दुकान खुलवाने को लेकर हुए बवाल के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए 44 महिला-पुरुषों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। मामले में कई अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, बलवा, तोड़फोड़ और शांति व्यवस्था भंग करने सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि गांव में प्रस्तावित शराब की दुकान का लंबे समय से ग्रामीण विरोध कर रहे थे। शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ दुकान खुलवाने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों और पुलिस-प्रशासन के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। महिलाओं समेत ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर हंगामा किया।

आरोप है कि उग्र भीड़ ने लाठी-डंडों के साथ शराब की दुकान में तोड़फोड़ की और शराब की बोतलें बाहर फेंक दीं। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। घटना में कई ग्रामीणों तथा पुलिसकर्मियों के चोटिल होने की भी सूचना है।

घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वीडियो फुटेज और पुलिस रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने 44 नामजद महिला-पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

 


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *