गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों और किल्लत पर पीलीभीत के व्यापारियों का प्रदर्शन

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की बढ़ी कीमतों और गैस किल्लत के विरोध में बुधवार को ‘उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश’ ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष के आह्वान पर प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल महेंद्रू और जिला अध्यक्ष एम.ए. जीलानी के नेतृत्व में व्यापारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

व्यापारियों ने सरकार के समक्ष 9 सूत्रीय मांगें रखते हुए कहा कि 1 मई 2026 से बढ़ाई गई व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए तथा गैस पर लगने वाले 18 प्रतिशत जीएसटी को घटाकर 5 प्रतिशत किया जाए। साथ ही कमर्शियल सिलेंडरों की बुकिंग भी घरेलू गैस की तरह ऑनलाइन प्रणाली से किए जाने की मांग उठाई गई।

उद्योगों को वैकल्पिक ईंधन की अनुमति देने की मांग

ज्ञापन में कहा गया कि गैस की लगातार कमी के कारण छोटे उद्योगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में उद्योगों को वैकल्पिक ईंधन के उपयोग की अनुमति देने के लिए प्रदूषण विभाग और एनजीटी के नियमों में पांच वर्ष की राहत दी जाए। व्यापारियों ने अस्पतालों, स्कूलों और वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए मांग के अनुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की भी मांग की।

दो वर्षों से बंद पड़ी पीएनजी पाइपलाइन चालू कराने की मांग

व्यापारियों ने पीलीभीत नगर में दो वर्ष पूर्व डाली गई पीएनजी गैस पाइपलाइन को अब तक चालू न किए जाने पर भी नाराजगी जताई। ज्ञापन में कहा गया कि इस संबंध में कई बार जिलाधिकारी के समक्ष मामला रखा गया और जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। व्यापारियों ने तत्काल पीएनजी लाइन चालू कराने की मांग की।

खुदी सड़कों की मरम्मत कराने की उठाई आवाज

ज्ञापन में प्रधानमंत्री की ‘हर घर स्वच्छ पानी योजना’ के तहत नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन डालने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का मुद्दा भी उठाया गया। व्यापारियों ने कहा कि सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। संबंधित कार्यदायी संस्था से सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की गई।

प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल महेंद्रू ने प्रदर्शन में विशेष रूप से भाग लिया। जिला अध्यक्ष एम.ए. जीलानी ने कहा कि अचानक बढ़ी गैस कीमतों से छोटे उद्योग, होटल व्यवसायी और रेहड़ी-पटरी संचालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, संगठन आंदोलन जारी रखेगा।

प्रदर्शन में नगर, युवा और महिला इकाई के पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। इनमें शैली शर्मा, रणवीर पाठक, नाहिद खान, कंचन सक्सेना, रशीद अंसारी, मोहम्मद ममनून, संदीप सक्सेना, हरपाल सिंह, ऋषि कनौजिया, साहिल अगनानी, शोभनीय सिंह, बिंदु शर्मा, संजू शुक्ला, आशीष लोधी, गौरव राणा, हरिश सिंह, उज्जवल वर्मा, सहवाज अहमद, अभिलाष गुप्ता, रजी अंसारी, ताबिश शम्सी, राजविंदर कौर, प्रियंक जैसवार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *