पीलीभीत में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना को मिला नया आयाम, डीएम ने किया स्टेच्यू व गलियारे का उद्घाटन

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत। महिला कल्याण विभाग पीलीभीत द्वारा संचालित बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत मंगलवार को गांधी स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी  ज्ञानेंद्र सिंह ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ स्टेच्यू का अनावरण किया तथा जनपद के समस्त तहसीलों, विकास खंडों, विकास भवन, कलेक्ट्रेट, सिविल कोर्ट एवं अन्य सरकारी कार्यालयों में स्थापित किए जाने हेतु बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ लोगो युक्त बेंचों को रवाना किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत कंपोजिट विद्यालय बरहा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

“जिलाधिकारी की पाठशाला” में छात्राओं ने रखीं अपनी जिज्ञासाएं

इसी क्रम में “जिलाधिकारी की पाठशाला” कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्य एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में अवंती बाई बालिका इंटर कॉलेज, कंपोजिट विद्यालय बरहा, आर्य कन्या इंटर कॉलेज तथा कस्तूरबा विद्यालय मरौरी की छात्राएं उपस्थित रहीं।

छात्राओं ने विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपने प्रश्न पूछे और जिज्ञासाएं व्यक्त कीं। अवंती बाई बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की छात्रा सोनी ने कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के कारण बेटियों की शिक्षा प्रभावित होने पर सवाल उठाया। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पीसीपीएनडीटी एक्ट की जानकारी देते हुए कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की।

वहीं कंपोजिट विद्यालय की कक्षा 6 की छात्रा नैना ने पुलिस अधिकारी बनने की इच्छा व्यक्त करते हुए तैयारी के संबंध में जानकारी मांगी। इस पर अपर पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल ने यूपीएससी एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में छात्राओं को विस्तारपूर्वक जानकारी दी और उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

अधिकारियों ने दिए छात्राओं के सवालों के संतोषजनक जवाब

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी रोशनी सिंह , अपर पुलिस अधीक्षक नताशा गोयल, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अलोक कुमार सिटी मजिस्ट्रेट, विजय वर्धन तोमर जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह , एनआरएलएम, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुराग श्याम रस्तोगी एवं क्रीड़ा अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने छात्राओं के विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए।

विकास भवन में “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ गलियारा” का उद्घाटन

कार्यक्रम के अंत में विकास भवन पीलीभीत में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ गलियारे का उद्घाटन भी जिलाधिकारी द्वारा किया गया। गलियारे में बाल विवाह, महिला शिक्षा, महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग कराई गई हैं, जिनके माध्यम से आमजन को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *