गांवों में ही करेंगे सफाई कर्मचारी सफाई कार्य, अन्य कार्यों में नहीं लगेंगे

Share Also

रिंटू वर्मा…

पीलीभीत । ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पंचायतीराज विभाग ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। निदेशक पंचायतीराज उत्तर प्रदेश मासूम अली सरवर द्वारा सभी जिला पंचायत राज अधिकारियों को भेजे गए आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ग्रामीण सफाई कर्मचारियों से केवल उनके निर्धारित राजस्व ग्रामों में ही सफाई कार्य कराया जाए तथा उन्हें अन्यत्र कार्यों में न लगाया जाए।

विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई सफाई कर्मचारी अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित रहते हैं अथवा राजस्व ग्रामों के बाहर कार्य कर रहे हैं, जिससे गांवों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस पर उच्च स्तर पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है।

गांव में उपस्थिति के आधार पर मिलेगा वेतन

आदेश में कहा गया है कि सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति राजस्व ग्रामों में सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई है। यदि कोई कर्मचारी गांव के बाहर कार्यरत पाया जाता है तो उसे तत्काल उसके मूल कार्यस्थल पर भेजा जाए। साथ ही उसका वेतन संबंधित राजस्व ग्राम में उपस्थिति के आधार पर ही भुगतान किया जाए।

कार्यालय में अधिकतम चार सफाई कर्मचारी ही होंगे सम्बद्ध

निदेशक ने निर्देश दिए हैं कि जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालयीय कार्यों की आवश्यकता होने पर अधिकतम चार सफाई कर्मचारियों को ही कार्यालय से सम्बद्ध कर सकते हैं। ऐसे कर्मचारियों को ही सम्बद्ध किया जाए जो किसी संगठन के पदाधिकारी न हों। इसकी सूचना निदेशालय को भी उपलब्ध करानी होगी।

प्रमाण-पत्र के बिना नहीं निकलेगा वेतन

सफाई कर्मचारियों के अधिष्ठान से जुड़े पटल सहायकों को निर्देशित किया गया है कि निर्धारित प्रमाण-पत्र प्राप्त किए बिना किसी भी कर्मचारी का वेतन आहरित न किया जाए।

दो वर्ष से अधिक एक ही पटल पर कार्यरत लिपिकों का होगा स्थानांतरण

आदेश में यह भी कहा गया है कि सफाई कर्मियों के अधिष्ठान पर एक ही लिपिक के कई वर्षों तक कार्यरत रहने से शिकायतें, शोषण एवं उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में यदि कोई कर्मचारी दो वर्ष से अधिक समय से इस पटल का कार्य देख रहा है तो उसका कार्यभार तत्काल किसी अन्य कर्मचारी को सौंपा जाए।

गैर आबाद गांवों से हटाकर अधिक आबादी वाले गांवों में होगी तैनाती

विभाग के संज्ञान में आया है कि कई सफाई कर्मचारियों की तैनाती गैर आबाद राजस्व ग्रामों में कर दी गई है, जबकि अधिक जनसंख्या वाले गांवों में सफाई कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। ऐसे में अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि गैर आबाद गांवों में तैनात कर्मचारियों को आवश्यकतानुसार अधिक आबादी वाले गांवों में स्थानांतरित किया जाए।

तत्काल और कड़ाई से अनुपालन के निर्देश

निदेशक पंचायतीराज ने सभी जिला पंचायत राज अधिकारियों एवं जिलाधिकारियों को आदेशों का तत्काल एवं कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बेहतर हो सके और सरकारी संसाधनों का प्रभावी उपयोग हो सके।


Share Also

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *